Rajasthan: रेलवे ट्रैक पर रखे सीमेंट स्लैब से टकराई वंदे भारत, साजिश की आशंका, FIR दर्ज

एनडब्ल्यूआर के CPRO शशि किरण ने बताया कि इंजन का कैटल गार्ड सीमेंट स्लैब से टकरा गया, जिससे ट्रेन 8 मिनट तक रुकी रही. हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ.
Vande Bharat Express

प्रतीकात्मक तस्वीर

Vande Bharat Train: राजस्थान के पाली में वंदे भारत एक्सप्रेस सीमेंट के एक बड़े स्लैब से टकरा गई. यह स्लैब किसी ने रेलवे ट्रैक पर रख दिया था. मामले में किसी साजिश की आशंका को ध्यान में रखते हुए एफआईआर दर्ज कर ली गई है. एनडब्ल्यूआर के CPRO शशि किरण ने बताया कि इंजन का कैटल गार्ड सीमेंट स्लैब से टकरा गया, जिससे ट्रेन 8 मिनट तक रुकी रही. हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ.

बताया जा रहा है कि पाली में रेलवे ट्रैक पर अज्ञात लोगों ने सीमेंट का स्लैब रख दिया. इस ट्रैक से कुछ देर बाद अहमदाबाद-जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस गुजरी, जो सीमेंट स्लैब से टकरा गई. गनीमत यह रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ.

ये भी पढ़ें- 30 अगस्त को भाजपा में होंगे शामिल चंपाई सोरेन, अमित शाह से मुलाकात के बाद हुआ फैसला

हादसे के समय तेज रफ्तार में थी ट्रेन

बता दें कि हादसे के वक्त वंदे भारत ट्रेन काफी स्पीड में थी, इस कारण सीमेंट का स्लैब टूट गया. स्लैब से टकराने के कारण ट्रेन के इंजन के रेल गार्ड को नुकसान पहुंचा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे अधिकारी ने अज्ञात शख्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. बीते शनिवार को उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में कासगंज-फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन के सामने लकड़ी का बोटा मिला था. किसी ने इसे रखकर ट्रेन को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की थी. गनीमत यह रही कि समय रहते ड्राइवर की नजर उसपर पड़ गई थी.

शामली में भी हुई थी ऐसी घटना

हाल ही में शामली जिले के दिल्ली-सहारनपुर रेलवे लाइन पर तकरीबन 25 से 30 पेंड्रोल क्लिप निकले पड़े थे. मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने इसकी सूचना पुलिस/रेल विभाग को दी थी. जिसके बाद मामले का संज्ञान लेते हुए रेलवे कर्मियों ने पेंड्रोल क्लिप लगाकर ट्रैक को ठीक किया था. लोगों ने बताया था कि रेलवे पटरी में लगे कई पेंड्रोल क्लिप निकले हुए थे, जिसके चलते ट्रैक से गुजरने वाली किसी भी ट्रेन के साथ कोई भी बड़ी दुर्घटना हो सकती थी.

लगातार बढ़ रहे हैं मामले

हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें एक शख्स रेलवे ट्रैक पर ही छतरी लगाकर सोता दिखा था. उसको इस हालत में सोता हुआ देख रेल कर्मी मौके पर पहुंचे तो पाया कि शख्स गहरी नींद में था. इसी बीच सामने से एक ट्रेन आ रही थी. ट्रैक पर शख्स को देख लोको पायलट ने ट्रेन रोक दी थी.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें