पिता बनने से पहले शराब पीना पड़ सकता है भारी, बच्चे में बढ़ता है जन्मजात बीमारियों का खतरा, रिसर्च में बड़ा खुलासा!
शराब पीना पड़ सकता है भारी
Research Reveals Shocking Findings: हर मां और परिवार को बच्चे की बड़ी चाह होती है. जैसे ही प्रेग्नेंसी की खबर मिलती है, पूरे परिवार और रिश्तेदारों में खुशी का माहौल बन जाता है. सभी इस बात से उत्साहित होते हैं कि जल्द ही उनके घर में किलकारी गूंजने वाली है. लेकिन अगर जन्म के बाद नवजात में किसी तरह की शारीरिक कमी या जन्मजात समस्या सामने आती है, तो अक्सर परिवार और समाज इसका जिम्मेदार मां को ही ठहराते हैं. जबकि डॉक्टरों के अनुसार, प्रेग्नेंसी के दौरान जितना मां का खान-पान और दिनचर्या शिशु के लिए जरूरी होती है, उतना ही पिता का खान-पान और उसकी जीवनशैली भी बच्चे की सेहत पर महत्वपूर्ण असर डालती है.
आजकल पुरुषों और कम उम्र के लड़कों में शराब पीने की आदत तेजी से बढ़ रही है, जो बाद में उनके वैवाहिक जीवन में बड़ी मुश्किलें खड़ी करती है. मेडिकल रिसर्च के अनुसार, यदि कोई पुरुष पिता बनने से पहले शराब पीता है, तो उसके स्पर्म पर इसका बुरा असर कई हफ्तों तक रहता है. इसके कारण गर्भ में पल रहे बच्चे का शारीरिक विकास रुक सकता है, उसके चेहरे की बनावट बिगड़ सकती है और जन्म से ही दिल की बीमारी होने का खतरा काफी बढ़ जाता है.
पिता के शराब पीने से बच्चे को क्या बीमारियां हो सकती हैं?
बच्चे की प्लानिंग के दौरान सिर्फ मां ही नहीं, बल्कि पिता का शराब पीना भी गर्भ में पल रहे शिशु के दिमागी और शारीरिक विकास पर बुरा असर डाल सकता है. मेडिकल साइंस में इससे जुड़ी समस्या को फीटल अल्कोहल स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर (FASD) कहा जाता है. ऐसे बच्चों में चेहरे और जबड़े की असामान्य बनावट, छोटी आंखें, मानसिक विकास में देरी, पढ़ाई-लिखाई में कठिनाई, साथ ही दिल और पाचन तंत्र से जुड़ी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए स्वस्थ संतान के लिए पिता का भी शराब से दूर रहना बहुत जरूरी है.
5 लाख दंपतियों पर हुई स्टडी
खबरों के अनुसार, चीन में करीब 5 लाख दंपतियों पर की गई एक मेडिकल स्टडी में पता चला कि यदि पिता गर्भधारण से पहले के तीन महीनों तक रोजाना 50 मिलीलीटर से अधिक शराब पीते हैं, तो बच्चे में जन्मजात समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है. इनमें कटे होंठ, दिल से जुड़ी बीमारियां और आंतों की जन्म से होने वाली दिक्कतें शामिल हैं.
शराब पीने से शरीर के अंदर क्या होता है?
शराब पीने से पुरुषों के स्पर्म की क्वालिटी और उसमें मौजूद DNA पर बुरा असर पड़ सकता है. इसकी वजह से गर्भ में पल रहे शिशु का सही तरह से विकास नहीं हो पाता और जन्मजात दोष या शारीरिक-मानसिक समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है. यानी गर्भधारण से पहले ही शराब का असर स्पर्म पर पड़ने लगता है, जो आगे चलकर बच्चे की सेहत पर बुरा असर डाल सकता है.