6 महीने के बच्चे को क्या खिलाएं? जानिए सबसे सुरक्षित और पौष्टिक फूड ऑप्शंस
6 महीने के बच्चे को क्या खिलाएं
Safe Nutritious Foods for infants: बच्चे के 6 महीने का होने के बाद माता-पिता अक्सर इस बात को लेकर परेशान रहते हैं कि मां के दूध के अलावा उसे खाने में क्या दिया जाए. विशेषज्ञों के अनुसार, इस उम्र में बच्चे का पाचन तंत्र पूरी तरह विकसित नहीं होता, इसलिए उसे हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन ही देना चाहिए. शुरुआत में सीधे ठोस आहार देने के बजाय तरल और नरम खाद्य पदार्थ बेहतर माने जाते हैं. इससे बच्चे को नए स्वादों की आदत पड़ती है और उसका पाचन तंत्र भी धीरे-धीरे मजबूत होता है. ऐसे में कुछ पौष्टिक और सुरक्षित फूड ऑप्शंस बच्चे की सेहत और विकास के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं.
लिक्विड डाइट से करें शुरुआत
जब बच्चा 6 महीने का हो जाता है, तब उसे मां के दूध के साथ धीरे-धीरे दूसरे खाद्य पदार्थ देना शुरू किया जा सकता है. इस उम्र में बच्चे का पाचन तंत्र बहुत कमजोर होता है, इसलिए शुरुआत हल्के और आसानी से पचने वाले तरल आहार से करनी चाहिए. बच्चों के विशेषज्ञ डॉ. अंकुर सेठी के अनुसार, शुरुआत में सब्जियों का सूप, फलों की प्यूरी और सब्जियों की प्यूरी अच्छे ऑप्शन होते हैं.
उम्र बढ़ने के साथ बदलें डाइट
जैसे-जैसे बच्चा बड़ा होने लगता है, उसकी खाने की जरूरतें भी बदलती हैं. इसलिए भोजन के स्वाद और टेक्सचर में भी धीरे-धीरे बदलाव करना जरूरी है. कुछ समय बाद बच्चे को दाल और चावल को मिलाकर अच्छी तरह मैश करके खिलाया जा सकता है. जब बच्चा लगभग 9 महीने का हो जाए, तब उसे थोड़ा गाढ़ा और नरम ठोस भोजन देना शुरू किया जा सकता है. इस दौरान मैश किया हुआ केला, उबला और मसला हुआ आलू या नरम पराठा जैसे खाद्य पदार्थ अच्छे ऑप्शन माने जाते हैं.
1 साल के बच्चे की डाइट
- जब बच्चा 1 से 1.25 साल की उम्र तक पहुंच जाता है, तब वह खाने को चबाने और निगलने लगता है.
- इस उम्र में उसे पहले की तुलना में थोड़ा अधिक ठोस खाना दिया जा सकता है.
- डॉक्टरों का मानना है कि बच्चे को धीरे-धीरे परिवार के बाकी सदस्यों जैसा सामान्य भोजन खाने की आदत डालनी चाहिए.
- लक्ष्य यह होना चाहिए कि डेढ़ से दो साल की उम्र तक बच्चा घर का सामान्य खाना खाने लगे.