सावन में रहना है दिनभर एनर्जेटिक? ट्राई करें ये 5 आसान और टेस्टी फलाहारी डिशेज
व्रत में बनाएं ये फलाहारी डिशेज
Five Easy Vrat Dishes: हिंदू धर्म में हर महीने कोई न कोई त्योहार जरूर होता है. इस दौरान श्रद्धालु उस दिन के समर्पित भगवान के लिए उपवास रखते हैं. वहीं जुलाई महीने के आखिरी दिनों में यानी 30 जुलाई से सावन का महीना शुरू होगा, जो 28 अगस्त तक रहेगा. हिंदू धर्म में सावन का महीना बहुत ही खास माना जाता है. इस दौरान देवों के देव महादेव यानी भगवान शिव की पूजा-अर्चना की जाती है और साथ ही भक्त उनका उपवास रखते हैं.
शास्त्रों के अनुसार सावन के महीने में लहसुन, प्याज, नॉनवेज और सामान्य अनाज से परहेज किया जाता है. ऐसे में हम आपको कुछ ऐसी फलाहारी डिशेज के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें आप घर पर बहुत ही आसानी से तैयार कर सकते हैं. ये डिशेज न केवल खाने का स्वाद बढ़ाती हैं, बल्कि इनका सेवन शरीर के लिए भी फायदेमंद माना जाता है.
दही वाले आलू
व्रत के दौरान दही वाले आलू को सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है. इसमें उबले हुए आलुओं को दही की गाढ़ी ग्रेवी में पकाया जाता है. ग्रेवी को गाढ़ा करने के लिए थोड़े से कुट्टू के आटे का इस्तेमाल होता है. स्वाद के लिए इसमें सेंधा नमक और व्रत के मसाले डाले जाते हैं.
कुट्टू की कुरकुरी पूरी
सावन के व्रत में कुट्टू की पूरी हर घर में बनती है. इसे बनाने के लिए कुट्टू के आटे में उबले आलू मैश करके गूंथा जाता है. इससे पूरियां बाहर से बहुत कुरकुरी और अंदर से एकदम मुलायम बनती हैं. इसे आप दही, आलू की सब्जी या चटनी के साथ गरमा-गरम खा सकते हैं.
साबूदाना खिचड़ी
व्रत के डिशेज में साबूदाना खिचड़ी सबसे ज्यादा पॉपुलर है. इसे बनाने के लिए भीगे हुए साबूदाने में भुनी मूंगफली का पाउडर, आलू, जीरा और हरी मिर्च डालकर घी में तड़का लगाया जाता है. आखिरी में नींबू का रस और हरा धनिया मिलाने से इसका स्वाद दोगुना हो जाता है.
मखाना खीर
अगर व्रत में कुछ मीठा खाने का मन हो, तो मखाना खीर सबसे बेस्ट ऑप्शन है. इसे बनाने के लिए भुने हुए मखानों को दूध में धीमी आंच पर गाढ़ा होने तक पकाया जाता है. फिर इसमें चीनी, इलायची पाउडर और कटे हुए मेवे मिलाए जाते हैं. इसे भगवान शिव को भोग लगाने के बाद प्रसाद के रूप में खाया जाता है.
ये भी पढ़ें-बारिश के मौसम में भूलकर भी दोबारा गर्म करके न खाएं ये 5 चीजें, बिगड़ सकती है तबीयत
व्रत वाली आलू चाट
व्रत में कुछ चटपटा और तीखा खाने के लिए आप आलू चाट बना सकते हैं. इसमें उबले हुए आलुओं को घी में हल्का फ्राई किया जाता है. फिर इसमें सेंधा नमक, दही, हरी चटनी और ऊपर से अनार के दाने डालकर सर्व किया जाता है.