Bhopal: आज BJP की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, जेपी नड्डा होंगे शामिल, 1 लाख लोग जुटेंगे
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा
Bhopal BJP Padyatra: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार को बीजेपी की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा होने वाली है. इसमें केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे. तात्या टोपे नगर (टीटी नगर) के अटल पथ पर सुबह 10 बजे सभा का आयोजन होगा. इसके बाद रोशनपुरा चौराहे तक पदयात्रा निकाली जाएगी. भाजपा इसे शक्ति प्रदर्शन के तरह प्रदर्शित कर रही है.
1 लाख लोगों के जुटने का दावा
इस पदयात्रा में भोपाल और नर्मदापुरम संभाग से एक लाख लोगों के जुटने की उम्मीद है. ट्रैफिक पुलिस ने 40 से 50 हजार लोगों के जुटने का अनुमान लगाया है. इस कार्यक्रम को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल संबोधित करेंगे.
वैकल्पिक रास्ते तय किए गए
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. इसे देखते हुए पुलिस ने शहर के रास्तों पर डायवर्जन लागू किया है. मैनिट चौराहा-माता मंदिर चौराहा-रोशनपुरा, भदभदा-भारत माता चौराहा-जवाहर चौराहा औप पॉलिटेक्निक चौराहा से बाणगंगा चौराहा के बीच यातायात का दबाव देखने को मिल सकता है.
इससे बचने के लिए वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं-
- माता मंदिर चौराहाः लिंक रोड-2, सेकंड स्टॉप, अर्जुन नगर, लिंक रोड-1 और जेल रोड
- भारत माता डिपो चौराहा: स्मार्ट रोड और पॉलिटेक्निक चौराहा होते हुए ओल्ड सिटी
- मैनिट चौराहा: नेहरू नगर, भदभदा चौराहा, भारत माता डिपो चौराहा और स्मार्ट रोड का इस्तेमाल करें
ये भी पढ़ें: भोपाल में 40 लाख लेने के बाद भी नहीं भरा मन, मांगे डेढ़ करोड़ रुपये, हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के आरोप में तीन गिरफ्तार
2 हजार फोर व्हीलर पहुंचने की उम्मीद
बीजेपी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने के लिए अलग-अलग विधानसभा से कार्यकर्ता पैदल, ट्रेन और बस माध्यम से भोपाल पहुंचेंगे. 1200 बस और दो हजार चार पहिया वाहनों के पहुंचने की उम्मीद है. ट्रैफिक संबंधित परेशानी ना हो इसके लिए यातायात कंट्रोल रूम के नंबर 0755-2677340 और 0755-2443850 जारी किए गए है.



