भोपाल में 40 लाख लेने के बाद भी नहीं भरा मन, मांगे डेढ़ करोड़ रुपये, हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के आरोप में तीन गिरफ्तार

एक व्यवसायी को दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट के तहत झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर कथित तौर पर लाखों रुपये वसूलने और फिर डेढ़ करोड़ रुपये की मांग करने का आरोप लगा है.
bhopal honeytrap case

आरोपी पति-पत्नी

भोपाल: राजधानी में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक व्यवसायी को दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट के तहत झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर कथित तौर पर लाखों रुपये वसूलने और फिर डेढ़ करोड़ रुपये की मांग करने का आरोप लगा है. मामले में बागसेवनिया पुलिस ने एक महिला, उसके पति और पिता को गिरफ्तार किया है. पुलिस तीनों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है.

शिकायतकर्ता व्यवसायी लक्ष्मीनारायण मालवीय (एलएन मालवीय) का आरोप है कि महिला रत्नप्रिया देवड़ा ने अपने पति राम कुमार धाकड़ और पिता रामकृष्ण देवड़ा के साथ मिलकर उन्हें झूठे आपराधिक मामले में फंसाने का डर दिखाया. सामाजिक प्रतिष्ठा और परिवार की बदनामी का भय दिखाकर उनसे अलग-अलग समय पर करीब 40 लाख रुपये लिए गए. आरोप है कि इतनी बड़ी रकम हासिल करने के बाद भी आरोपियों की मांग खत्म नहीं हुई और बाद में उनसे डेढ़ करोड़ रुपये मांगे जाने लगे.

धमकी देकर शुरू हुआ पैसों का लेनदेन

व्यवसायी के मुताबिक, पूरे मामले की शुरुआत दुष्कर्म के आरोप में फंसाने की धमकी से हुई थी. आरोप है कि महिला ने पहले पांच लाख रुपये और उसके बाद दस लाख रुपये नकद लिए. इस लेनदेन को लेकर अनुबंध पत्र तैयार किए गए थे. मालवीय का दावा है कि इन दस्तावेजों पर महिला, उसके पति और गवाहों के हस्ताक्षर हैं. महिला के पिता रामकृष्ण देवड़ा के भी एक दस्तावेज में गवाह होने की बात कही गई है.

शिकायत वापस लेने के लिए 25 लाख का समझौता

मामले में नया मोड़ तब आया, जब महिला ने एमपी नगर थाने में दुष्कर्म से संबंधित शिकायत दर्ज कराई. व्यवसायी का आरोप है कि शिकायत वापस लेने के लिए एक मध्यस्थ के जरिए 40 लाख रुपये की मांग रखी गई. बाद में दोनों पक्षों के बीच कथित तौर पर स्टांप पेपर पर 25 लाख रुपये में समझौता हुआ. इसके तहत मालवीय ने महिला को दस लाख और 15 लाख रुपये के दो चेक दिए. व्यवसायी का दावा है कि रकम मिलने के बाद महिला ने अपनी शिकायत वापस ले ली.

40 लाख के बाद डेढ़ करोड़ की मांग

एलएन मालवीय के अनुसार, उन्हें उम्मीद थी कि समझौते के बाद विवाद समाप्त हो जाएगा, लेकिन कुछ समय बाद फिर से पैसों की मांग शुरू हो गई. आरोप है कि महिला के पति और पिता ने फोन कर उनसे सीधे डेढ़ करोड़ रुपये मांगे. रकम देने से इनकार करने पर दोबारा दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट के मामले में फंसाने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी गई. व्यवसायी का दावा है कि उनके पास फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग और व्हाट्सऐप चैट मौजूद हैं.

प्रतिष्ठा के कारण पहले नहीं की शिकायत

व्यवसायी का कहना है कि सामाजिक प्रतिष्ठा और परिवार की गरिमा को देखते हुए उन्होंने शुरुआत में विवाद को बातचीत और समझौते के जरिए खत्म करने की कोशिश की. लेकिन लगातार बढ़ती कथित आर्थिक मांगों और धमकियों के कारण उन्हें पुलिस की शरण लेनी पड़ी. उन्होंने पुलिस को लेनदेन से जुड़े दस्तावेज, चेक और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य उपलब्ध कराने की बात कही है.

बागसेवनिया पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर रत्नप्रिया देवड़ा, राम कुमार धाकड़ और रामकृष्ण देवड़ा को गिरफ्तार किया है. अब पुलिस कथित 40 लाख रुपये के लेनदेन, समझौते के दस्तावेजों, फोन रिकॉर्डिंग और डेढ़ करोड़ रुपये की मांग से जुड़े आरोपों की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें: हांगकांग सिक्सेस में भारत की हार से गदगद पाक PM शहबाज शरीफ ने दी बधाई, पाकिस्तानियों ने ही कर दिया ट्रोल

ज़रूर पढ़ें