‘जीतू पटवारी के साथ अन्याय हुआ..’,PAC की बैठक में बोले हरीश चौधरी- CM ने पद का दुरुपयोग किया

MP News: चौधरी ने कहा कि दतिया की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताया है और इस जीत से पार्टी को आने वाले समय में मजबूती मिलेगी.
MP Congress Meeting

एमपी कांग्रेस बैठक

MP News: भोपाल में कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक खत्म हो गई है. बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने सबसे पहले दतिया की जनता को धन्यवाद दिया. चौधरी ने कहा कि दतिया की जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताया है और इस जीत से पार्टी को आने वाले समय में मजबूती मिलेगी. बैठक में प्रदेश के राजनीतिक हालात, किसानों, छात्रों, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामलों समेत कई मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.

धार्मिक आयोजन और आर्थिक लूट का लगाया आरोप

हरीश चौधरी ने कहा कि चंदा चोरी हो रही है और इस मामले में सभी की भावनाएं आहत हुई हैं. मुख्यमंत्री ने अपने पद का दुरुपयोग करके जिस सबसे पवित्र धार्मिक आयोजन का आयोजन होना था, उसे प्रभावित किया. उन्होंने अपनी आर्थिक लूट को प्राथमिकता दी. इस विषय में भी पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक में चर्चा हुई है.

हरीश चौधरी ने कहा कि अनुशासन हम सबके लिए सबसे पहले है. मध्य प्रदेश सरकार लाखों लोगों को गलत तरीके से फंसाने का काम कर रही है. इसी क्रम में मध्य प्रदेश में जो भी व्यक्ति आवाज उठा रहा है, ऐसे लोगों को कुचलने का काम किया जा रहा है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को भी गलत तरीके से प्रताड़ित करने का काम किया जा रहा है.

‘जीतू पटवारी के साथ अन्याय, पूरे मध्य प्रदेश के साथ अन्याय’ – चौधरी

चौधरी ने कहा कि जीतू पटवारी के साथ अन्याय नहीं हो रहा है, बल्कि यह मध्य प्रदेश के साथ अन्याय है. यह लड़ाई जीतू पटवारी की लड़ाई नहीं है, बल्कि पूरी कांग्रेस की लड़ाई है. कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ इस लड़ाई को लड़ेगी. विधानसभा में मध्य प्रदेश से जुड़े मुद्दों को बहुत ही तार्किक ढंग से रखा गया है. विधानसभा ऐसी जगह होनी चाहिए, जहां मध्य प्रदेश के मुद्दों पर चर्चा हो और प्रदेश के लिए फैसले लिए जाएं.

उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में सभी विधायकों ने मध्य प्रदेश से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की है. मध्य प्रदेश के संदर्भ में जो नीतिगत निर्णय होने चाहिए, सरकार उनकी नजरअंदाजी कर रही है. इस संदर्भ में भी हम सभी की चिंता है. राज्यसभा चुनाव में जिस तरह से संवैधानिक संस्था का दुरुपयोग किया गया, उस पर भी बैठक में चर्चा हुई है.

‘संवैधानिक संस्थाओं और संविधान से मिलती है सुरक्षा’ – हरीश चौधरी

हरीश चौधरी ने कहा कि हम सभी को सुरक्षा संवैधानिक संस्थाओं और संविधान से मिलती है. अगर चोरी होगी तो हमारा भविष्य सुरक्षित नहीं रहेगा. पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक में सभी नेताओं ने अपनी राय रखी है. छात्रों की ओर से जब भी कोई आवाज उठाई जाती है, कांग्रेस पूरे मध्य प्रदेश में उनके साथ खड़ी है. किसानों के साथ भी कांग्रेस खड़ी है और उनसे लगातार बातचीत की जा रही है. आज खाद की समस्या बनी हुई है.

हरीश चौधरी ने कहा कि देश के केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान हैं और इसके बावजूद मध्य प्रदेश में किसानों को खाद नहीं मिल रही है. किसानों को खाद के लिए परेशान होना पड़ रहा है. कांग्रेस इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार से जवाब मांगेगी.

उमंग सिंघार बोले- दतिया की जीत से कार्यकर्ताओं में आया उत्साह

वहीं, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि दतिया की जीत से मध्य प्रदेश में आने वाले समय में होने वाले चुनावों में कांग्रेस को निश्चित तौर पर ताकत मिलेगी. इस जीत से कार्यकर्ताओं में उत्साह आया है. उन्होंने कहा कि परीक्षाएं होती हैं, उनमें घोटाले और गड़बड़ियां सामने आती हैं. व्यापार में भी इससे पहले बड़े उदाहरण सामने आए हैं. इनमें घोटाले हुए और फर्जी लोग नौकरी कर रहे हैं.

‘युवाओं के अधिकार की बात करने वालों को नहीं पूछा जा रहा’ – सिंघार

उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपने लोगों को बैठाना चाहती है. हाई कोर्ट ने प्रदेश में चुनाव कराने की बात कही है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी पीछे के दरवाजे से युवा मोर्चा को जीताना चाहती है. आज युवा अपने अधिकार की बात कर रहा है, लेकिन उसे कोई पूछता नहीं है. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सरकार से कहा कि युवाओं के चुनाव प्रत्यक्ष रूप से कराए जाने चाहिए.

सिंघार ने कहा कि आरिफ मसूद का डेढ़ साल से कॉलेज बंद है. जीतू पटवारी के भाई के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पूर्व विधायक प्रवीण पाठक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. इन सभी विषयों पर पार्टी ने चिंतन किया है. जिन लोगों पर केस हैं, भविष्य में उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा. पार्टी ने ऐसा फैसला किया है कि छोटे से छोटे कार्यकर्ता को भी ताकत दी जाएगी.

‘पांच घंटे तक राजनीतिक मामलों पर हुई चर्चा’ – जीतू पटवारी

जीतू पटवारी ने कहा कि करीब पांच घंटे तक राजनीतिक मामलों को लेकर चर्चा हुई है. दतिया चुनाव में घनश्याम सिंह की जीत हुई है. दतिया की जनता ने सोच की पुष्टि की है, जो राहुल गांधी अपनी बातों के माध्यम से कहते हैं. राहुल गांधी की बात को दतिया के युवाओं ने पसंद किया है. जिसको जो दायित्व दिया गया, उसने उसे पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाया है.

जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया की जीत केवल कांग्रेस की जीत नहीं है, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश की जीत है. अयोध्या से लेकर उज्जैन तक घोटाले किए गए हैं, इस बात को लोगों ने स्वीकार किया है. जनता ने कांग्रेस से कहा है कि आप ताकत के साथ आवाज उठाइए. मोदी की गारंटी 2023 में एक भी पूरी नहीं हुई, लोगों ने इस बात को महसूस किया है. जनता ने कांग्रेस से कहा है कि हम आपके साथ हैं और विपक्ष के रूप में इन मुद्दों को मजबूती से उठाइए.

पटवारी ने कहा कि बीजेपी सरकार का भ्रष्टाचार और प्रशासनिक आतंक बढ़ा है. 62 लाख से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और दलितों पर अनुसूचित जाति के मामले दर्ज किए गए हैं. ओबीसी का आंदोलन हुआ, जिसमें सैकड़ों लोगों पर केस दर्ज किए गए. ग्वालियर में आंदोलन हुआ तो हजारों लोगों पर मामले दर्ज किए गए. हर जिले में बड़ी संख्या में केस रजिस्टर्ड हैं. कांग्रेस ने इस मुद्दे को गंभीरता से लिया है.

‘दतिया की जनता ने दिया बदलाव का संदेश’ – पटवारी

जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया की जनता ने संदेश दिया है कि अब बदलाव चाहिए. कांग्रेस इस जिम्मेदारी को पूरी गंभीरता से निभाएगी. मध्य प्रदेश में छात्रों के चुनाव प्रत्याशी प्रणाली से नहीं कराए गए तो पूरे मध्य प्रदेश में प्रदर्शन किया जाएगा. बीजेपी ने षड्यंत्र करके राज्यसभा की सीट ले ली है. विधानसभा के सचिव के खिलाफ हम कोर्ट जा रहे हैं, क्योंकि पद का दुरुपयोग किया गया है.

पटवारी ने कहा कि भ्रष्टाचार करने वाले अरविंद शर्मा इस पद पर रहने के लायक नहीं हैं. कांग्रेस इस मुद्दे को छोड़ेगी नहीं और न ही इसे भूलेगी. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के युवाओं, किसानों, छात्रों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जुड़े मुद्दों को पार्टी मजबूती से उठाती रहेगी. सरकार के खिलाफ जनता की आवाज को दबाने की कोशिश हुई तो कांग्रेस सड़क से लेकर विधानसभा और न्यायालय तक अपनी लड़ाई जारी रखेगी.

ये भी पढे़ं- MP Cabinet Decisions: भोपाल-विदिशा फोरलेन को मंजूरी, मोहन कैबिनेट में इन फैसलों पर भी लगी मुहर

ज़रूर पढ़ें