भोपाल से अयोध्या के लिए रोजाना सीधी ट्रेन की मांग, सांसद रजनीश अग्रवाल ने रेलवे के सामने रखे नौ प्रस्ताव
सांसद ने रखा प्रस्ताव
MP News: रेल मंडल भोपाल में यात्री सुविधाओं के विस्तार और रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने को लेकर आयोजित सांसदों की बैठक में राज्यसभा सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल ने कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं. पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने नई रेल सेवाओं, ट्रेनों के ठहराव, स्टेशनों के विकास और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की. इनमें भोपाल से अयोध्या के लिए प्रतिदिन सीधी ट्रेन चलाने और महामना एक्सप्रेस का विस्तार रानी कमलापति स्टेशन तक करने की मांग प्रमुख रही.
सांसद ने भोपाल या रानी कमलापति स्टेशन से अयोध्या के लिए रोजाना सीधी ट्रेन चलाने की मांग की. इसके ठहराव विदिशा, गंजबासौदा, मंडी बामोरा और बीना में करने का सुझाव दिया. मंडी बामोरा में प्रयागराज एक्सप्रेस, इटारसी एक्सप्रेस और पातालकोट एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी रखी.
कार्गो टर्मिनल स्थापित करने का प्रस्ताव
मंडी बामोरा स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कर विकसित करने और यहां प्रधानमंत्री गति शक्ति कार्गो टर्मिनल स्थापित करने का प्रस्ताव दिया गया. बीना स्टेशन के पास पीपीपी मॉडल के तहत आरएलडीए के माध्यम से बड़े अस्पताल की स्थापना की मांग की गई. इसके अलावा बीना स्टेशन पर यात्री सुविधाएं बढ़ाने, अतिरिक्त ट्रेनों के ठहराव, बीना-सागर रेलवे अंडरब्रिज और मालगोदाम तक पहुंच मार्ग बनाने का मुद्दा उठाया.
ट्रेनों के समय और ठहराव में बदलाव की मांग
सांसद ने बीना मालखेड़ी स्टेशन को दोबारा भोपाल मंडल में शामिल करने और झांसी व कटनी रेल लाइनों से जुड़ी रेलवे सीमाओं के पुनर्निर्धारण का प्रस्ताव रखा. उन्होंने विंध्याचल एक्सप्रेस को शाम 6:20 बजे के बजाय रात 7:50 बजे भोपाल से रवाना करने की मांग की. भोपाल-जोधपुर ट्रेन का महादेव खेड़ी स्टेशन पर ठहराव और महादेव खेड़ी, समरखेड़ी तथा कंजिया स्टेशनों तक पहुंच मार्ग बनाने का सुझाव भी दिया.
सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुधारने की मांग
रेलवे स्टेशनों पर नियमित सफाई, स्वच्छ शौचालय और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के साथ पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने पर जोर दिया गया. स्टेशन परिसरों में आवारा पशुओं की आवाजाही रोकने के लिए बाउंड्री और प्रवेश द्वारों की सुरक्षा मजबूत करने की मांग भी रखी गई. सांसद ने अधिकारियों से सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया, ताकि छोटे शहरों के यात्रियों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें.



