LPG Crisis: भोपाल में 3 महीने से नहीं मिल रहे गैस सिलेंडर! घरेलू LPG कनेक्शन पर भी रोक, पेंडिंग में पड़े हैं 8000 केस

LPG Crisis: मध्य प्रदेश में भी रसोई गैस के दाम बढ़ने से होटल, ढाबों और घरों का खर्च बढ़ गया. इसका सीधा असर खाने की कीमतों पर पड़ा और कई जगह भोजन करीब 20 प्रतिशत तक महंगा हो गया.
LPG Cylinder

एलपीजी सिलेंडर (फाइल इमेज)

LPG Crisis: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े सैन्य तनाव का असर घरेलू बाजार में भी साफ दिखाई दिया. सबसे अधिक प्रभाव एलपीजी सिलेंडर की कीमतों पर पड़ा, जिससे घरेलू और कमर्शियल दोनों तरह की गैस महंगी हो गई. मध्य प्रदेश में भी रसोई गैस के दाम बढ़ने से होटल, ढाबों और घरों का खर्च बढ़ गया. इसका सीधा असर खाने की कीमतों पर पड़ा और कई जगह भोजन करीब 20 प्रतिशत तक महंगा हो गया.

तीन महीने से बंद हैं नए गैस कनेक्शन

महंगाई के साथ-साथ लोगों को एक और बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. ऑयल कंपनियों ने पिछले करीब तीन महीनों से नए एलपीजी कनेक्शन जारी करना बंद कर दिया है. इसके चलते प्रदेशभर में हजारों उपभोक्ता गैस एजेंसियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं. केवल भोपाल में ही नए कनेक्शन के 8 हजार से अधिक आवेदन लंबित बताए जा रहे हैं.

छात्रों पर सबसे ज्यादा असर

इसका सबसे ज्यादा असर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों और किराए पर रहने वाले युवाओं पर पड़ा है. नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों ने बताया कि पहले जरूरत पड़ने पर ब्लैक में गैस सिलेंडर 1000 से 1200 रुपये में मिल जाता था, लेकिन अब उसी सिलेंडर के लिए 2500 से 3000 रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं. इससे मासिक बजट पूरी तरह बिगड़ गया है. उन्होंने नया कनेक्शन लेने के लिए आवेदन भी किया, लेकिन एजेंसी ने यह कहकर लौटा दिया कि फिलहाल ऑयल कंपनियों ने नए कनेक्शन जारी करना बंद कर रखा है.

युद्ध विराम के बाद राहत की उम्मीद

हालांकि अब युद्ध विराम की घोषणा के बाद उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद जगी है. भोपाल के फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन के मुताबिक, इस मुद्दे पर ऑयल कंपनियों से लगातार बातचीत की जा रही है. कंपनियों का कहना है कि उच्च स्तर पर चर्चा जारी है और संभावना है कि अगले महीने से नए एलपीजी कनेक्शन को लेकर कोई फैसला लिया जा सकता है.

5 किलो वाले सिलेंडर बने विकल्प

युद्ध शुरू होने के बाद कंपनियों ने नए एलपीजी कनेक्शन के लिए ऑनलाइन पोर्टल भी बंद कर दिया था. इस दौरान उपभोक्ताओं को 14 किलोग्राम सिलेंडर के स्थान पर 5 किलोग्राम वाले सिलेंडर का विकल्प दिया गया. भोपाल की 41 गैस एजेंसियों पर 5 किलोग्राम क्षमता वाले करीब 6 हजार सिलेंडर भेजे गए, जिनमें से लगभग 4500 सिलेंडर बिक चुके हैं. हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि पोर्टल दोबारा शुरू होने के बाद इन कनेक्शनों को 14 किलोग्राम वाले नियमित कनेक्शन में बदला जाएगा या नहीं.

ये भी पढे़ं- LPG उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत! PNG कनेक्शन लेने के बाद भी दोबारा चालू करा सकेंगे गैस कनेक्शन, जानें नया नियम

ज़रूर पढ़ें