Bhopal: मुंबई से भोपाल आ रही इंडिगो की फ्लाइट टेक-ऑफ से पहले रुकी, अचानक ब्रेक लगाने से यात्रियों में हड़कंप, ढाई घंटे हुई लेट
इंडिगो फ्लाइट (फाइल फोटो)
Bhopal News: मुंबई से भोपाल आ रही इंडिगो की एक उड़ान मंगलवार को टेक-ऑफ से कुछ देर पहले ही रोक दी गई. विमान रनवे पर पूरी रफ्तार से आगे बढ़ रहा था और उड़ान भरने वाला था, तभी पायलट को सिस्टम में तकनीकी समस्या का संकेत मिला. इसके बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टेक-ऑफ तत्काल निरस्त कर दिया गया. अचानक विमान रुकने से यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए चिंता और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
मुंबई एयरपोर्ट पर हुई घटना
जानकारी के अनुसार, एयरबस A-321 नियो विमान ने दोपहर करीब 3:50 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भोपाल के लिए रवाना होने की तैयारी शुरू की थी. एयर ट्रैफिक कंट्रोल से अनुमति मिलने के बाद विमान रनवे पर गति पकड़ चुका था, लेकिन इसी दौरान तकनीकी अलर्ट मिलने पर पायलट ने एहतियातन विमान को रोकने का फैसला लिया.
यात्रियों में बढ़ी बेचैनी
विमान में मौजूद यात्रियों ने इस घटना को तनावपूर्ण बताया. कुछ यात्रियों के मुताबिक, अचानक ब्रेक लगने से उन्हें झटका महसूस हुआ और कुछ देर के लिए अनिश्चितता का माहौल बन गया. नियमित रूप से हवाई यात्रा करने वाले एक यात्री ने कहा कि ऐसी स्थिति का सामना पहली बार हुआ, जिससे सभी लोग असहज हो गए थे.
तकनीकी जांच के लिए विमान हटाया गया
टेक-ऑफ रद्द होने के बाद विमान को रनवे से हटाकर पार्किंग बे में ले जाया गया. वहां तकनीकी विशेषज्ञों और इंजीनियरों की टीम ने विमान की गहन जांच की. इस उड़ान में हज यात्रा से लौट रहे करीब 25 यात्री भी सवार थे. भोपाल एयरपोर्ट पर उनके परिजन लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, जिन्हें उड़ान में हुई देरी के कारण अतिरिक्त समय तक रुकना पड़ा.
एक घंटे बाद दी गई जानकारी
करीब एक घंटे बाद एयरलाइन की ओर से यात्रियों को स्थिति की जानकारी दी गई. सभी जरूरी जांच और परीक्षण पूरे होने के बाद विमान ने शाम 6:26 बजे दोबारा उड़ान भरी. इसके बाद यह रात करीब 7:40 बजे सुरक्षित रूप से भोपाल पहुंच गया.
तकनीकी खराबी पर नहीं आई जानकारी
फिलहाल एयरलाइन ने तकनीकी समस्या की प्रकृति के बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है. हालांकि, विमानन क्षेत्र के जानकारों का कहना है कि टेक-ऑफ के अंतिम चरण में उड़ान रोकना असामान्य जरूर माना जाता है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे फैसले आवश्यक और पूरी तरह सावधानीपूर्ण होते हैं.
ये भी पढे़ं- जबलपुर से बेंगलुरु और मुबंई फ्लाइट के लिए इंडिगो ने जारी किया नया शेड्यूल, अब हफ्ते में 3-4 दिन चलेंगी