देवास TI हत्याकांड: CM मोहन यादव ने किया 1 करोड़ की सहायता राशि का ऐलान, पत्नी को मिलेगी SI पद पर नौकरी
देवास टीआई मर्डर केस: सीएम मोहन यादव ने दुख जताया
Dewas TI Murder Case: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास जिले के खातेगांव थाना टीआई दिलीप पुरी की हत्या पर दुख जताया है. सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके संवेदना व्यक्त की है. इसके साथ ही 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि का ऐलान किया है. मृतक टीआई की पत्नी को सब इंस्पेक्टर के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने की घोषणा की है.
देवास जिले के खातेगांव में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कर्तव्य निर्वहन करते हुए थाना प्रभारी श्री दिलीप पुरी जी के दिवंगत होने का समाचार अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इस कठिन समय में शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ है। घटना की जांच के लिए स्पेशल DG श्री उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया है। मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वीर बलिदानी श्री दिलीप पुरी जी की धर्मपत्नी को एसआई के पद पर अनुकंपा नियुक्ति एवं परिवार को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) November 2, 2026
ट्रक से कुचलकर टीआई की हत्या
देवास पुलिस अधीक्षक ने अवैध शराब के मामलों से निपटने के लिए पांच टीम गठित की थी. इसमें खातेगांव पुलिस थाना प्रभारी दिलीप पुरी भी थे. देवास पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक जिसमें अवैध शराब भरी हुई है. बैतूल-इंदौर हाईवे पर हरदा से गुजरात की ओर जा रहा है. इस ट्रक का पीछा नेमावर थाने की पुलिस भी कर रही थी. काफी देर की खोजबीन के बाद पुलिस को ट्रक सड़क किनारे खड़ा मिला. जब दिलीप पुरी ने ड्राइवर से बाहर आने के लिए कहा तो उसने ट्रक आगे बढ़ा दिया. टीआई को कुचल दिया गया. गंभीर रूप से घायल टाउन इंस्पेक्टर को अस्पताल ले जाया गया. जहां उन्हें करीब दो घंटे तक CPR दिया गया लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.
ये भी पढ़ें: देवास TI हत्याकांड: पुलिस ने 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया, कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल का निकला कनेक्शन
तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया
पुलिस ने इस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है. तीनों से इस पूरे मामले में पूछताछ की जा रही है. वहीं, कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल का नाम सामने आया है. शराब कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष और कांग्रेस नेता पदाधिकारी राहुल जायसवाल को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने खातेगांव विधानसभा का प्रभारी नियुक्त किया है. जांच में सामने आया कि टिमरनी स्थित शराब दुकान में कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल और उनके भाई मनीष जायसवाल पार्टनर हैं.