एमपी में 2027 पंचायत चुनाव को लेकर बड़ा बदलाव, पहली बार EVM से होगा पंच-सरपंच का चुनाव, जानें पूरी तैयारी
एमपी में पंचायत चुनाव EVM के जरिए होंगे
EVM Voting And Live Webcasting: मध्य प्रदेश में अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. दरअसल, साल 2027 में प्रदेश में पंचायतों के लिए चुनाव प्रस्तावित है. इसके लिए प्रदेशभर में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. इसी बीच राज्य निर्वाचन आयोग चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी एक बड़ी तैयारी कर रहा है. जानकारी के अनुसार, प्रदेश में अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के जरिए कराए जा सकते हैं. यानी अब पंच और सरपंच का चुनाव EVM के माध्यम से होगा.
प्रदेश में पहली बार पंचायत चुनाव की वोटिंग आधुनिक प्रक्रया के तहत कराए जाने की तैयारी है. सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग का मानना है कि इस नई व्यवस्था से चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और किसी भी तरह के विवाद से बचने में मदद मिलेगी.
443 नगरीय निकाय और 23 हजार पंचायतें
बता दें कि साल 2027 में 443 नगरीय निकायों और करीब 23 हजार ग्राम पंचायतों के लिए चुनाव प्रस्तावित हैं. इन चुनावों को राज्य निर्वाचन आयोग इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के जरिए कराने की तैयारी कर रहा है. अगर प्रदेश में यह नई व्यवस्था लागू होती है, तो बैलेट पेपर की जगह EVM के जरिए पंचायत चुनाव होंगे. यानी गांव के लोग पंच और सरपंच को बैलेट पेपर के जरिए वोट देने के बजाय EVM के माध्यम से मतदान करेंगे और अपना प्रतिनिधि चुन सकेंगे.
94 हजार मतदान केंद्र बनाने की तैयारी
साल 2027 में होने वाले पंचायत चुनाव के लिए प्रदेशभर में बड़ी संख्या में मतदान केंद्र बनाए जाएंगे. इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रहा है. ग्रामीण इलाकों में करीब 72 हजार मतदान केंद्र और नगरीय क्षेत्रों में लगभग 22 हजार मतदान केंद्र बनाए जाने की तैयारी है. इस तरह 2027 के चुनाव के लिए प्रदेश में कुल करीब 94 हजार मतदान केंद्र बनाए जाने की योजना है.
वेबकास्टिंग से होगी लाइव मॉनिटरिंग
अक्सर देखा गया है कि प्रदेश में पंचायत चुनाव के दौरान किसी न किसी वजह से विवाद की स्थिति बन जाती है. विवादों से बचने और चुनाव प्रक्रया में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग इस बार वेबकास्टिंग की व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रहा है. इसके जरिए मतदान केंद्रों पर होने वाली वोटिंग की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी. इस व्यवस्था से किसी भी तरह की गड़बड़ी का समय रहते पता लगाया जा सकेगा और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी.
बैलेट पेपर की जगह EVM से मतदान
बता दें कि मध्य प्रदेश में अब तक पंचायत चुनाव बैलेट पेपर के जरिए कराए जाते रहे हैं. लेकिन साल 2027 में होने वाले पंचायत चुनाव की चुनावी प्रक्रिया में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. लोकसभा और विधानसभा चुनावो में EVM के जरिए मतदान होता है, अब पंचायत चुनाव भी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के जरिए कराने की तैयारी है. इस व्यवस्था से चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने के साथ ही मतगणना में भी कम समय लग सकता है. इससे चुनाव परिणाम जल्द घोषित करने में मदद मिलेगी.