Raisen News: रायसेन गोली कांड मामले में जेल अधीक्षक आरके चौरे सस्पेंड, एक पुलिसकर्मी हुआ था घायल, एम्स में भर्ती

Raisen News: रायसेन जिला जेल गोलीकांड मामले में जेल अधीक्षक आरके चौरे को निलंबित कर दिया गया है. मामले की जांच के लिए जेल मुख्यालय ने एक टीम को रायसेन भेजा गया है. जांच की जिम्मेदारी जेल आईजी रैंक के अधिकारी को दी गई है.
raisen shooting incident district jail superintendent rk chaure suspended crime news

रायसेन जिला जेल

Raisen News: रायसेन जिला जेल गोलीकांड मामले में जेल अधीक्षक आरके चौरे को निलंबित कर दिया गया है. मामले की जांच के लिए जेल मुख्यालय ने एक टीम को रायसेन भेजा गया है. जांच की जिम्मेदारी जेल आईजी रैंक के अधिकारी को दी गई है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि कैदी के पास से जो कट्टा मिला है, उसे जेल की दीवार के बाहर से फेंका गया था. फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं हो पायी है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा

इस पूरे घटनाक्रम के बारे में जेल डीजी वरुण कपूर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है. घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है. जल्द से जल्द तह तक पहुंचने की बात की जा रही है.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, ये पूरा मामला बुधवार (2 सितंबर 2026) का है. रायसेन जिला जेल में उस समय हड़कंप मच गया, जब जेल प्रहरी दिग्विजय सिंह तोमर को एक विचाराधीन कैदी ने गोली मार दी. बताया जा रहा है कि कैदी निलेश ठाकुर जेल का गेट खुलवाकर भागने की बात कह रहा था. इसी दौरान उसने प्रहरी पर गोली चला दी. गोली जेल प्रहरी की पीठ पर लगी और अंदर तक घुस गई. घटना के बाद जेल कर्मचारियों ने घायल दिग्विजय तोमर को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने एक्स-रे और उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए भोपाल रेफर कर दिया है.

बताया जा रहा है कि बुधवार को जिला जेल में स्कूली बच्चों के साथ रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित होना था. कार्यक्रम के लिए फलों की टोकरी लेकर कैदी निलेश गेट पर आया था. इसी दौरान उसने अवैध कट्टे से गोली चला दी.

किसने जेल प्रहरी को गोली मारी?

आरोपी निलेश ठाकुर बरेली के पास दिमाड़ा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. उसने कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पठारी में ही पहले धारा 307 और फिर कुछ महीने के बाद उसी व्यक्ति को दुबारा इसी स्थान पर जान से मार दिया था. जिसके बाद से ही वह दोनों मामलो में जेल में बंद विचाराधीन कैदी है.

ये भी पढ़ें: कौन हैं ए साईं मनोहर, जो रिटायरमेंट के बाद बने CM मोहन यादव के सलाहकार, दिल्ली में संभालेंगे जिम्मेदारी

आखिर जेल तक कैसे कट्टा पहुंचा?

इस घटना के बाद अब भी सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है कि जिला जेल जैसी सुरक्षा वाली जगह पर कैदी के पास अचानक अवैध तरीके से कट्टा कैसे पहुंचा? इस साथ ही जेल प्रशासन और व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का जायजा लिया.

ज़रूर पढ़ें