देवास कांड के बीच विदिशा में अवैध खनन रोकने पहुंचे रेंजर, हाथ में सर्विस रिवॉल्वर लहराते दिखे
विदिशा: हाथ में सर्विस रिवॉल्वर लिए दिखे रेंजर
Vidisha News: देवास जिले में खातेगांव टीआई दिलीप पुरी की शराब तस्करों ने ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी थी. इससे अधिकारियों और कर्मचारियों में डर का माहौल है. विदिशा जिले से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वन विभाग में तैनात रेंजर हाथ में सर्विस रिवॉल्वर लहराते हुए नजर आए. अवैध उत्खनन और परिवहन के मामले में रिवॉल्वर दिखाकर ट्रक के सामने खड़े हो गए.
क्या है पूरा मामला?
विदिशा जिले के गंजबासौदा में वन विभाग की भूमि पर पत्थर के अवैध उत्खनन और परिवहन का मामला सामने आया है. अवैध उत्खनन की सूचना मिलते ही वन विभाग के रेंजर अनिल कुमार मौके पर पहुंचे. रेंजर को देखकर ट्रक चालक ने वाहन लेकर भागने की कोशिश की. जब वन विभाग के अधिकारियों ने अवैध पत्थर से भरे ट्रक को रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी.
पूरी स्थिति को देखते हुए और खातेगांव जैसी घटना की आशंका के चलते रेंजर अनिल कुमार ने सुरक्षा की दृष्टि से अपनी सर्विस रिवॉल्वर हाथ में ले ली. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग की कार्रवाई और मौके पर बने हालात चर्चा का विषय बने हुए हैं क्योंकि हाल ही में खातेगांव में जो घटना हुई, वैसी ही घटना यहां घट सकती थी.
ये भी पढ़ें: रिटायर्ड IAS राकेश अग्रवाल हत्याकांड में बड़ा एक्शन, आरोपी वरुण कुमार का भोपाल में शॉर्ट एनकाउंटर
ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया
वन विभाग के कर्मियों ने ट्रक का पीछा किया. सड़क किनारे ट्रक ड्राइवर को रोका गया. इसके बाद चालक को गाड़ी से उतरने के लिए कहा गया. इस दौरान रेंजर हाथ में सर्विस रिवॉल्वर दिखाई दिए. ड्राइवर शाहिद खान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. इसके साथ ही ट्रक को वन डिपो में खड़ा कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है.