देर रात हमीदिया अस्पताल पहुंचे CM मोहन यादव, गड़बड़ी मिलने पर अधिकारियों को किया तुंरत तलब

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 29 नवंबर की रात भोपाल के हमीदिया अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्हें रजिस्टरों में कुछ गड़बड़ी भी मिली जिस पर उन्होंने तुरंत एक्शन लिया.
CM Mohan Yadav

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 29 नवंबर की रात भोपाल के हमीदिया अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. सीएम मोहन यादव के अचानक हॉस्पिटल पहुंचने पर सभी अधिकारी चौकन्ने हो गए. अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और मरीजों से भी मुलाकात की. सीएम ने साथ में ये भी संदेश दिया कि वे कहीं भी, कभी भी और किसी भी अस्पताल का निरीक्षण कर सकते हैं.

रजिस्टर में मिली गड़बड़ी तो अधिकारियों को किया तलब

सीएम मोहन यादव ने इमरेंसी वार्ड का भी निरीक्षण किया और रजिस्टर भी चेक किए. रजिस्टर की जांच करते समय उन्हें कुछ अव्यवस्थाएं दिखाई दीं. इस पर उन्होंने तुरंत सख्त रुख अपनाते हुए स्वास्थ्य आयुक्त और जिला कलेक्टर को तत्काल अस्पताल पहुंचने के निर्देश दिए. इतना ही नहीं उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि तुरंत इस पूरे मामले की जांच की जाए और सुबह तक इसकी रिपोर्ट सौंपी जाए.

सीएम मोहन यादव ने मरीजों के साथ किया संवाद

हमीदिया अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सिवनी के रहने वाले आदिल, नरसिंहगढ़ निवासी अमृतलाल वर्मा, ब्यावरा निवासी प्रेम यादव, भोपाल के रहने वाले कन्हैयालाल और झांसी के मऊरानीपुर निवासी महेंद्र सिंह से बात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली. इसके बाद वह सर्जरी वार्ड क्रमांक-5 भी गए, जहां भर्ती मरीजों से मिलकर उनके उपचार का हाल जाना.

दवाइयों का निरीक्षण भी किया

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का जोर मरीजों को बेहतर इलाज और समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर है. दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल में डॉक्टरों की उपलब्धता, चिकित्सा संसाधनों, दवाइयों और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति भी देखी. उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिया कि मरीजों का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें