‘कांग्रेस में दिक्कत है…’, चुनाव को लेकर अजय सिंह ने अपने ही नेताओं पर खड़े किए सवाल, बोले- किस्मत होगी तो टिकट मिलेगा
कांग्रेस नेता अजय सिंह
MP News: (बालाघाट से राहुल टेभरे की रिपोर्ट) चुरहट विधानसभा से विधायक अजय सिंह उर्फ राहुल भैया इन दिनों मध्य प्रदेश की अलग-अलग विधानसभाओं को दौरा कर रहे हैं. चंबल, बुंदेलखंड से लेकर महाकौशल के स्थानीय नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं. राजनीतिक मुद्दों के साथ-साथ सामाजिक स्तर पर बात कर रहे हैं. इसी क्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह बालाघाट पहुंचे. जहां उन्होंने अपनी पार्टी नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. उन्होंने कहा कि चुनाव आते ही पार्टी नेता टिकट बांटने लगते हैं.
‘कांग्रेस पार्टी में एक दिक्कत है’
कांग्रेस नेता ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम लोगों में और खास कर कांग्रेस पार्टी में एक दिक्कत है. हम लोग बहुत लोगों की महत्वकांक्षाओं को जागृत कर देते हैं. तू भी ले ले टिकट, मैं आपके लिए भी प्रयास कर दूंगा. चुनाव आते-आते और टिकट देने तक हर विधानसभा में 7-8, 9-10 कहीं-कहीं 15 तक उम्मीदवार हो जाते हैं. अंत में किसी एक को विधानसभा का टिकट मिलता है. जिसे टिकट नहीं मिलता वह अपनी तलवार की धार तेज करना शुरू कर देते हैं. उन्होंने आगे कहा कि इस बार हमें खुद संकल्प लेना होगा. जितने भी नेता है उनकी इच्छा जागृत नहीं करनी है. जिसकी किस्मत होगी, उसे टिकट मिलेगा.
ये भी पढ़ें: MP News: ‘300 करोड़ दो, पार्टी में शामिल हो जाऊंगी’, विधायक निर्मला सप्रे का कांग्रेस को खुला ऑफर
‘मनमुटाव को दूर करना चाहिए’
कांग्रेस में एक और दिक्कत है. बैहर विधायक संजय उईके की ओर इशारा करते हुए अजय सिंह ने कहा कि संजय उईके तीन बार के विधायक हैं, मैं (अजय सिंह) सात बार का विधायक हूं. हम अपने ही चेले को ठीक से समझाते नहीं हैं. हमारे नीचे जो काम करने वाले है उन्हीं में यदि मनमुटाव होता है, उसको दूर करने का प्रयास करना चाहिए. मनमुटाव जहां हो गया वहां दीमक जैसी चीज पैदा कर देती है.