MP BJP नेताओं की समालखा बैठक पर नजर, हरियाणा में तय हो सकता है प्रदेश भाजपा का संगठन महामंत्री
सांकेतिक तस्वीर.
MP News: मध्य प्रदेश के नेता इन दिनों काफी नियुक्तियों का इंतजार कर रहे हैं. इस बीच मध्य प्रदेश के नेता अपने प्रदेश संगठन महामंत्री का इंतजार कर रहे हैं. प्रदेश भाजपा नेताओं की नजरें इन दिनों हरियाणा के समालखा में होने जा रही अहम बैठक पर टिकी हुई हैं. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि इस बैठक में मध्य प्रदेश भाजपा के नए संगठन महामंत्री के नाम पर फैसला हो सकता है. इस संबंध में शीर्ष स्तर पर मंथन जारी है.
13 मार्च से आयोजित होगी हरियाणा में महत्वपूर्ण बैठक
प्रदेश भाजपा में संगठन महामंत्री का पद काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. वर्तमान संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा को हाल ही में प्रदेश का सह बौद्धिक शिक्षण प्रमुख बनाए जाने के बाद यह पद रिक्त हो गया है. इसके चलते नए नाम को लेकर अटकलें तेज हैं.
जानकारी के मुताबिक 13, 14 और 15 मार्च को हरियाणा के समालखा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है. इस बैठक में संघ प्रमुख सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे. साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी बैठक में शामिल हो सकते हैं. माना जा रहा है कि इसी बैठक में मध्य प्रदेश के संगठन महामंत्री के नाम पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है.
इस बार रणनीति में हो सकता है बदलाव
राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि इस बार रणनीति में बदलाव संभव है. अब तक परंपरा रही है कि संघ अपने किसी प्रचारक को भाजपा में संगठन महामंत्री के रूप में नियुक्त करता रहा है. हालांकि, इस बार संघ किसी अनुषांगिक संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी को भी यह जिम्मेदारी दे सकता है. यदि ऐसा होता है तो इसे संगठनात्मक परंपरा में बड़े बदलाव के रूप में देखा जाएगा. संगठन महामंत्री का पद भाजपा में बेहद प्रभावशाली माना जाता है. यह पद संगठन और सरकार के बीच समन्वय की केंद्रीय कड़ी के रूप में कार्य करता है. ऐसे में आने वाला फैसला प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण असर डाल सकता है.
ये भी पढ़ें: MP News: PHQ से बाहर निकलना चाहते हैं कई IPS अफसर, सागर जोन में नए IG की तलाश तेज