पिता ने 4 साल की बेटी से दुष्कर्म की कोशिश की, चिल्लाने पर गला घोंटकर मार डाला; पुलिस से कहा- सांप ने काटा
शिवपुरी में एक पिता ने अपनी 4 साल की बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी.
Input- कपिल मिश्रा
MP News: शिवपुरी जिले के पोहरी में पिता-बेटी के पवित्र रिश्ते का दम घोंटने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पिता पर पर आरोप है कि उसने अपनी 4 साल की बेटी से पहले तो रेप की कोशिश की. जब बच्ची चिल्लाने लगी तो गला घोंटकर मार डाला. इसके बाद सभी को गुमराह करने के लिए बच्ची को सांप के काटने की बात कही. पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
शराब के नशे में बच्ची के पास पहुंचा था आरोपी
पूरा मामला पोहरी थाना क्षेत्र का है. जानकारी के मुताबिक गुरुवार शाम करीब साढ़े 5 बजे आरोपी पिता अपने घर पहुंचा था. बताया जा रहा है कि आरोपी शराब पीकर घर पहुंचा था. जब आरोपी पिता घर पहुंचा तो बच्ची खेल रही थी, तभी पिता उसे अपने साथ कमरे में ले गया. इस दौरान बच्ची के साथ गंदी हरकतें करने लगा. जब बच्ची ने इसका विरोध और चिल्लाने लगी तो आरोपी ने बच्ची का मुंह दबा दिया. इसके बाद गला घोंटकर अपनी बेटी को मौत के घाट उतार दिया.
हत्या के बाद अपने पिता और भाई को बुलाया
बेटी की हत्या के बाद आरोपी पिता डर गया. इसके बाद उसने अपने पिता और भाई को बुलाया. आरोपी ने बच्ची को सांप काटने की झूठी बात बताई. सभी लोग आनन-फानने में बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर्स ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया.
बार-बार बयान बदलने पर पुलिस को शक हुआ
घटना की सूचना पाकर पुलिस भी अस्पताल पहुंची. पुलिस ने जब आरोपी पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के पूछताछ की तो सभी के बयान अलग-अलग मिले. इसके बाद पुलिस को शक हुआ. जब शक के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता से सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस के मुताबिक घटना के समय आरोपी ने शराब पी रखी थी.
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म और हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
ये भी पढे़ं: राजघाट रोड पर लकड़ी बीनने गई लीला बाई की मौत, बड़वानी में आवारा कुत्तों ने महिला को नोचकर मारा