Morena News: स्कूल में कलेक्टर के औचक निरीक्षण में खुली शिक्षा व्यवस्था की पोल, 162 में से एक भी छात्र नहीं मिला उपस्थित
स्कूल में कलेक्टर का औचक निरीक्षण
रिपोर्ट – मनोज शर्मा
Morena News: मुरैना जिले की जनपद पंचायत पहाड़गढ़ की ग्राम पंचायत कन्हार स्थित हायर सेकेंडरी विद्यालय में कलेक्टर के औचक निरीक्षण के दौरान शिक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियां उजागर हुईं. विद्यालय में दर्ज 162 छात्रों में से एक भी छात्र उपस्थित नहीं मिला. इस चौंकाने वाली स्थिति ने ग्रामीण क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
मूलभूत सुविधाओं का अभाव
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि विद्यालय में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है और बिजली की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है. ग्रामीणों का कहना है कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में छात्र नियमित रूप से विद्यालय नहीं पहुंचते. उनका आरोप है कि कागजों में विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च दिखाए जा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर हालात बदहाल हैं.
पशु चिकित्सालय की बदहाली भी आई सामने
यही नहीं, ग्राम पंचायत कन्हार का पशु चिकित्सालय भी बदहाली का शिकार है. अस्पताल की इमारत जर्जर अवस्था में है. यहां न तो नियमित डॉक्टर उपलब्ध हैं, न दवाइयां हैं और न ही पर्याप्त स्टाफ है. ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में पशुओं के बीमार होने पर उन्हें निजी या बाहर से डॉक्टर बुलाकर इलाज कराना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से की त्वरित कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय में बिजली, पेयजल और शिक्षण व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए. साथ ही पशु चिकित्सालय में नियमित डॉक्टर, पर्याप्त स्टाफ और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े.
ये भी पढे़ं- मुरैना में जलभराव में डूबा अंबाह, पानी में उतरकर लोगों का प्रदर्शन; CMO के नाम पर प्रतीकात्मक रूप से ‘रिश्वत’ दी