‘राजेंद्र शुक्ल ने चंबल के लोगों का मजाक उड़ाया’, डिप्टी CM के बयान पर कांग्रेस ने की माफी की मांग
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला
MP News: मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल के एक बयान को लेकर ग्वालियर-चंबल अंचल में सियासत गरमा गई है. डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने एक कार्यक्रम में कहा था कि पैसा भले ही न हो, लेकिन ग्वालियर-चंबल के लोग अपने आपको बड़ा आदमी दिखाने के लिए बंदूक लेकर चलते हैं. उनके इस बयान पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और इसे अंचल के लोगों का अपमान बताया है.
कांग्रेस बोली- जनता से माफी मांगनी चाहिए
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव जसवीर गुर्जर ने कहा कि डिप्टी सीएम ने ग्वालियर-चंबल के लोगों का मजाक उड़ाया है. उन्हें पूरे अंचल की जनता से माफी मांगनी चाहिए, नहीं तो लोगों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई देगा. वहीं, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा ने बयान को अशोभनीय बताते हुए कहा कि चंबल की पहचान बंदूकों से नहीं, बल्कि शहीदों और वीर जवानों से है.
आज भी देश की सीमाओं पर इस अंचल के बड़ी संख्या में जवान तैनात हैं. उन्होंने रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि रोजगार नहीं मिलने के कारण यहां के लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में सुरक्षा से जुड़े काम कर रहे हैं. चंबल में लाइसेंसी हथियार आत्मरक्षा के लिए दिए गए थे.
ग्वालियर-चंबल के लोगों के शौक पर दिया था बयान
दरअसल, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने ग्वालियर-चंबल और रीवा संभाग के लोगाें के शौक और उनकी जीवनशैली पर कहा था कि ग्वालियर-चंबल के लोगों के पास चाहे रहने के लिए घर न हो, लेकिन जैसे ही उनके पास पैसा आता है बंदूक खरीदते हैं और सीना तानकर चलते हैं. वहीं उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि ऐसे ही रीवा के लोगों के पास पैसा आता है तो वे सबसे पहले गाड़ी (कार) को खरीदना पसंद करते हैं.



