दतिया उपचुनाव के लिए प्रचार थमा! 600 पुलिस जवानों ने निकाला फ्लैग मार्च, सघन जांच की जा रही
दतिया: पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
Datia By election (निशांत तिवारी की रिपोर्ट): दतिया उपचुनाव के लिए मंगलवार (28 जुलाई) शाम 5 बजे चुनाव प्रचार थम गया. अब बीजेपी और कांग्रेस के प्रत्याशी और नेता घर-घर जाकर प्रचार करेंगे. 30 जुलाई को मतदान होंगे और 3 अगस्त को रिजल्ट आएगा. इससे पहले व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस की कड़ी निगरानी जारी है.
एसपी ने 04 टीमें गठित कीं
आगामी विधानसभा उपचुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दतिया पुलिस अधीक्षक मयूर खण्डेलवाल के निर्देशन में दतिया अनुभाग के समस्त थाना क्षेत्रों में होटल, ढाबों एवं धर्मशालाओं की सघन जांच एवं सत्यापन के लिए 04 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है. विशेष टीमों द्वारा ठहरे हुए व्यक्तियों का पहचान एवं दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन किया जा रहा है. इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ की जा रही है.
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप जिले में बिना वैध कारण ठहरे बाहरी व्यक्तियों का भी सत्यापन किया जाएगा. आवश्यकता होने पर उन्हें मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने तक जिला सीमा से बाहर किया जाएगा.
पुलिस ने सहयोग करने की अपील की
दतिया पुलिस आमजन, होटल संचालकों, ढाबा संचालकों एवं धर्मशाला प्रबंधकों से सहयोग की अपील करती है कि वे अपने यहां ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का वैध पहचान पत्र दर्ज करें. किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे विधानसभा उपचुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सके.
ये भी पढ़ें: Datia By Election 2026: आज थम जाएगा दतिया उपचुनाव चुनाव प्रचार का दौर, भाजपा और कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत
पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और एसपी मयूर खंडेलवाल के नेतृत्व में करीब 600 पुलिस जवानों ने शहर में फ्लैग मार्च निकाला. फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन में सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया और शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान का संदेश दिया गया. प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है.