MP News: ‘काला हिरण’ फिल्म के प्रोड्यूसर अमित जानी को पाकिस्तान से मिली धमकी, दतिया में दर्ज हुई FIR

MP News: दतिया में फिल्म 'काला हिरण' के निर्माता अमित जानी को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है.
Kotwali Police Station, Datia (File photo)

पुलिस थाना कोतवाली दतिया (फाइल फोटो)

MP News: दतिया में फिल्म ‘काला हिरण’ के निर्माता अमित जानी को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है. धमकी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं.

दर्शन के दौरान आए धमकी भरे कॉल और मैसेज

पुलिस के अनुसार, नोएडा निवासी अमित जानी इन दिनों दतिया आए हुए थे और शहर के एक निजी होटल में ठहरे थे. वह मां पीतांबरा पीठ मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान उनके मोबाइल पर पाकिस्तान के नंबरों से लगातार कॉल, ऑडियो और वीडियो संदेश आने लगे.

फिल्म रिलीज नहीं करने की दी चेतावनी

अमित जानी ने अपनी शिकायत में बताया कि 6 जुलाई की रात करीब एक बजे उन्हें पाकिस्तान के एक नंबर से ऑडियो और वीडियो क्लिप भेजी गई. इसके बाद अगली सुबह दूसरे पाकिस्तानी नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले ने खुद को शहजाद भट्टी बताते हुए फिल्म रिलीज नहीं करने की धमकी दी और कहा कि ऐसा नहीं करने पर उन्हें बम से उड़ा दिया जाएगा. साथ ही यह भी दावा किया गया कि सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के बावजूद उन्हें निशाना बनाया जा सकता है.

वीडियो में हथियार दिखाने का दावा

निर्माता का कहना है कि भेजे गए वीडियो में धमकी देने वाला व्यक्ति अत्याधुनिक हथियारों के साथ दिखाई दे रहा था. वीडियो में ग्रेनेड, आरपीजी और अन्य हथियार भी नजर आने का दावा किया गया है, जिससे वह और उनका परिवार चिंतित है.

पुलिस और खुफिया एजेंसियां जांच में जुटीं

धमकी मिलने के बाद अमित जानी सीधे दतिया कोतवाली पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी. पुलिस ने मामला दर्ज कर मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए खुफिया एजेंसियां भी पूरे घटनाक्रम की पड़ताल में जुट गई हैं.

ये भी पढे़ं- Morena: ‘जेल जाओ या पैसे दो!’ सबलगढ़ थाने के ASI का रिश्वत मांगते हुए वीडियो वायरल

ज़रूर पढ़ें