मुरैना में अवैध खनन के लिए किया जा रहा ब्लास्ट, घरों में पड़ीं दरारें, शिकायत के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन

Morena News: ग्रामीणों ने इस संबंध में कई बार कलेक्टर से शिकायत की थी. शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने रिठौरा थाना प्रभारी संतोष बाबू गौतम को कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ अवैध खनन स्थलों पर दबिश दी.
morena police taken action over blasting for illegal mining

मुरैना: अवैध खनन के मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन

Morena News: (मनोज शर्मा की रिपोर्ट) मुरैना जिले के रिठौरा थाना क्षेत्र में बारूद का इस्तेमाल कर किए जा रहे अवैध पत्थर खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. एक खदान से कंप्रेसर मशीन सहित अन्य उपकरण जब्त किए हैं. ये एक्शन ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद की गई.

तेज आवाज से घरों में आई दरारें

जानकारी के अनुसार रिठौरा क्षेत्र के कई स्थानों पर बिना अनुमति बारूद से चट्टानों को तोड़कर अवैध रूप से पत्थर निकाले जाने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं. ग्रामीणों का आरोप था कि खनन के दौरान होने वाले तेज धमाकों से आसपास के गांवों के मकानों में दरारें पड़ने लगी थीं, जिससे लोगों में भय और आक्रोश का माहौल था.

कलेक्टर से शिकायत के बाद एक्शन

ग्रामीणों ने इस संबंध में कई बार कलेक्टर से शिकायत की थी. शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने रिठौरा थाना प्रभारी संतोष बाबू गौतम को कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ अवैध खनन स्थलों पर दबिश दी. छापेमारी के दौरान एक पत्थर खदान से पत्थर तोड़ने में उपयोग की जा रही कंप्रेसर मशीन और अन्य उपकरण जब्त किए गए. पुलिस ने अवैध खनन से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है.

ये भी पढ़ें: MP BJP युवा मोर्चा अध्यक्ष के लिए रात में खुला बैंक, मुरैना में पेशाब कराने के नाम पर ताला खोला

स्थानीय नागरिकों का क्या कहना है?

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि लगातार निगरानी नहीं रखी गई तो अवैध खनन का यह कारोबार फिर सक्रिय हो सकता है. वहीं पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ज़रूर पढ़ें