Morena News: नकल कराने से मना किया तो शिक्षक ने डंडे से पीटा, कक्षा 6 के छात्र का हाथ टूटा
मुरैना/ इमेज सोर्स-विस्तार न्यूज
इनपुट-मनोज शर्मा
Morena News: जिले के शासकीय माध्यमिक विद्यालय बुधारा से एक शर्मनाक मामला सामने आया है. यहां परीक्षा के दौरान नकल कराने से इनकार करने पर कक्षा 6 के छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी गई. आरोप है कि शिक्षक और छात्रों ने मिलकर डंडों से मारपीट की, जिससे छात्र का हाथ टूट गया.
नकल का विरोध बना वजह
परिजनों के अनुसार परीक्षा के दौरान कुछ छात्र नकल कर रहे थे। कक्षा 6 के छात्र समर सिंह तोमर ने नकल कराने से मना कर दिया. इसके बाद कथित तौर पर स्कूल में ही 3 शिक्षकों और 3 छात्रों ने मिलकर छात्र की पिटाई कर दी. मारपीट में छात्र के हाथ की हड्डी टूट गई.घटना के बाद घायल छात्र को लेकर परिजन शिकायत करने थाने पहुंचे, लेकिन आरोप है कि वहां उनकी फरियाद नहीं सुनी गई. इसके बाद परिजन मासूम को लेकर सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए.
SP ने टॉफी देकर सुनी आपबीती
SP कार्यालय पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक ने छात्र समर सिंह तोमर को अपने पास बुलाया. SP ने उसे कुर्सी पर बैठाकर टॉफी दी और प्यार से पूरी घटना पूछी. छात्र ने बताया कि परीक्षा के दौरान नकल को लेकर विवाद हुआ था और उसके बाद उसके साथ मारपीट की गई.
मासूम की बात सुनने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाने को तत्काल मामला दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए. अब सवाल यह है कि स्कूल में परीक्षा के दौरान आखिर ऐसा क्या हुआ कि नकल से इनकार करने वाले एक कक्षा 6 के छात्र को डंडों से पीटकर उसका हाथ तोड़ दिया गया
ये भी पढ़ें:‘आधी रात तुर्की में बदला विमान…’,डोनाल्ड ट्रंप की जान को था खतरा, ऐसे रचा गया पूरा सीक्रेट ऑपरेशन