‘बेटे की थी उम्मीद, बेटी हाे गई…’, 1 दिन की नवजात का मां ने घोंटा गला, फिर बनाई झूठी कहानी
सांकेतिक तस्वीर
MP News: मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिला अस्पताल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दिन की नवजात बच्ची का गला दबाकर हत्या कर दी. मामले में पुलिस ने मंगलवार को इसका खुलासा भी कर दिया. कोतवाली पुलिस की जांच में सामने आया कि अस्पताल में नवजात की हत्या किसी बाहर के इंसान ने नहीं, बल्कि उसकी मां ने ही की थी.
पुलिस के मुताबिक, बच्ची को जन्म देने के बाद मां अस्पताल में थी और बच्ची उसके पास अकेली थी. इसी दौरान उसने अंगूठे और उंगली से बच्ची का गला दबा दिया. इसके बाद बच्ची की नाक से खून बहने लगा और फिर परिजनों को बताया कि बच्ची को पता नहीं क्या हो गया.
गला घोंटने से नवजात मौत
पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने मंगलवार को बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई थी. जांच के दौरान अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाले गए. इसके बाद बच्ची की मां भावना विश्वकर्मा और उसकी सास राजन बाई, पति और अन्य परिजनों से पूछताछ की गई. वहीं नवजात का पोस्टमार्टम भी कराया गया, जिसमें डॉक्टरों ने गला घोंटने से मौत की पुष्टि की गई.
महिला ने पूछताछ में स्वीकार की हत्या
एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने आगे बताया कि शुरूआती जांच में मिले साक्ष्य और घटना की दिशा में पूरी तरह से मां की ओर इशारा कर रही थी. महिला की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण उससे तत्काल पूछताछ नहीं की गई, बल्कि महिला पुलिस अधिकारियों ने उसकी स्थिति ठीक होने पर संवेदनशील तरीके से बातचीत की. महिला से करीब चार-पांच घंटे तक पूछताछ की गई, जिसमें उसने बच्ची की हत्या की बात स्वीकार कर ली.
पुलिस ने महिला को किया गिरफ्तार
महिला के प्रसव के बाद नर्स और डॉक्टर ने बच्ची को महिला के पास सुला दिया और कुछ समय तक महिला और बच्ची साथ में अकेले ही थे. पुलिस के अनुसार, इसी दाैरान उसने बच्ची का गला दबा दिया. पुलिस ने बताया कि बच्ची की हत्या के बाद मां ने घटना को छिपाने के का प्रयास किया और परिजनों को बताया कि बच्ची की तबीयत अचानक खराब हो गई. बच्ची की नाक से खून निकलने के बाद पूरा मामला सामने आया. पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी कैमरों के सक्ष्यों के आधार पर महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया और उसे गिरफ्तार कर लिया.
परिवार को थी बेटा होने की उम्मीद
महिला से पूछताछ में सामने आया कि परिवार को इस बार बेटा होने की उम्मीद थी. वहीं परिवार में पहले से एक बेटी होने के कारण एक बार फिर बच्ची के जन्म को लेकर मानसिकता नकारात्मक थी. एसपी ने बताया कि परिवार की तरफ से किसी प्रकार का दबाव बनाया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस को इस हत्या के मामले में किसी अन्य व्यक्ति के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिले हैं.
ये भी पढे़ं- मौत बनकर टूटा मधुमक्खियों का झुंड, देवास में 60 वर्षीय बुजुर्ग की ले ली जान, बचाने गए लोगों को भी नहीं छोड़ा