श्योपुर में महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा! कब्जा हटाने पहुंची टीम को देख 50 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी, रोते-बिलखते रहे बच्चे
श्योपुर में हाई वोल्टेज ड्रामा
Sheopur News (हेमकुमार तिवारी कि रिपोर्ट): श्योपुर जिले के बीरपुर थाना क्षेत्र में सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम को उस समय बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा. जब कार्रवाई का विरोध करते हुए एक महिला करीब 50 फीट ऊंचे BSNL टावर पर चढ़ गई. महिला के टावर पर चढ़ते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. नीचे उसके मासूम बच्चे रोते-बिलखते रहे, जबकि पुलिस और प्रशासन के अधिकारी उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार समझाइश देते रहे.
वाटर प्लांट के लिए चिह्नित की गई जमीन
जानकारी के अनुसार, बीरपुर थाना क्षेत्र के लीलघा गांव निवासी रामा बाई, पत्नी बाबूलाल रावत सरकारी जमीन पर बने कथित अवैध कब्जे को हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम की कार्रवाई का विरोध कर रही थीं. प्रशासन का कहना है कि जिस भूमि पर कब्जा किया गया था, उसे वाटर प्लांट निर्माण के लिए चिन्हित किया गया है. इसी उद्देश्य से राजस्व, पुलिस और अन्य विभागों का संयुक्त अमला मौके पर पहुंचा था ताकि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा सके.

जैसे ही प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई शुरू की, रामा बाई विरोध स्वरूप पास में लगे लगभग 50 फीट ऊंचे BSNL टावर पर चढ़ गईं. महिला ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक उसकी जमीन नहीं छोड़ी जाएगी, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी. महिला के इस कदम से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एकत्र हो गए.
मामला संवेदनशील हुआ
टावर के नीचे मौजूद महिला के बच्चे लगातार रोते-बिलखते रहे. बच्चों की हालत देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं. परिजन और ग्रामीण भी महिला से नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही. इस भावुक दृश्य ने पूरे घटनाक्रम को और अधिक संवेदनशील बना दिया.
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंच गए. बीरपुर थाना पुलिस सहित राजस्व विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली. किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए टावर के आसपास लोगों की आवाजाही भी सीमित कर दी गई.
महिला ने जमीन छोड़ने से इनकार किया
प्रशासनिक अधिकारियों ने महिला से लगातार बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि उसकी बात सुनी जाएगी. नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी, लेकिन खबर लिखे जाने तक महिला टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई थी. प्रशासन की प्राथमिकता महिला को सुरक्षित नीचे उतारना रही और इसी उद्देश्य से लगातार प्रयास जारी रहे.
ये भी पढ़ें: श्योपुर में स्कूली बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़; क्षमता 10 सीट की, वैन में 26 बच्चे ठूंस-ठूंसकर भर दिए
बताया जा रहा है कि जिस सरकारी भूमि पर कार्रवाई की जा रही है, वहां भविष्य में वाटर प्लांट स्थापित किया जाना प्रस्तावित है. प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक हित की इस परियोजना के लिए सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना आवश्यक है. वहीं दूसरी ओर महिला और उसका परिवार इस कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं और जमीन छोड़ने से इनकार कर रहे हैं.
अफवाह पर ध्यान ना देने की अपील
घटना के चलते पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा. बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रहे. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. फिलहाल प्रशासन और पुलिस की पूरी कोशिश महिला को सुरक्षित नीचे उतारने की है. समाचार लिखे जाने तक महिला टावर पर ही मौजूद थी और अधिकारियों द्वारा समझाइश का दौर लगातार जारी था. पूरे घटनाक्रम पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की नजर बनी हुई है.