MP News: चलती ट्रेन में चोरों ने किया 16 लाख के गहनों पर हाथ साफ, नीचे की सीट पर बैठा रह गया परिवार, GRP ने शुरू की जांच

MP News: बीना-ग्वालियर पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रहे एक परिवार के ट्रॉली बैग से अज्ञात बदमाश सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए.
symbolic picture

सांकेतिक तस्‍वीर

MP News: गुना जीआरपी थाना क्षेत्र में चलती ट्रेन के दौरान लाखों रुपये के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है. बीना-ग्वालियर पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रहे एक परिवार के ट्रॉली बैग से अज्ञात बदमाश सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए. घटना रुठियाई और गुना रेलवे स्टेशन के बीच की बताई जा रही है. शिकायत मिलने के बाद जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

परिवार के साथ कर रहे थे यात्रा

जानकारी के अनुसार, अशोकनगर जिले के बरखेड़ा गांव निवासी आबिद खान अपने परिवार के साथ मुंगावली से म्याना की ओर यात्रा कर रहे थे. सफर के दौरान उन्होंने अपना ट्रॉली बैग कोच की ऊपरी बर्थ पर रख दिया था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य नीचे बैठे थे. इसी बीच रुठियाई और गुना स्टेशन के बीच ट्रेन में यात्रियों की संख्या बढ़ गई और कई लोग ऊपरी सीटों तक पहुंच गए.

गुना स्टेशन पहुंचने से पहले हुआ खुलासा

गुना स्टेशन आने से कुछ समय पहले आबिद खान की नजर बैग पर पड़ी तो उसकी चेन खुली हुई दिखाई दी. संदेह होने पर उन्होंने बैग की जांच की, जिसमें रखे सभी कीमती आभूषण गायब मिले. चोरी हुए सामान में सोने के हार, चेन, कड़े, कंगन, अंगूठियां, टॉप्स, झाले और बेंदी के अलावा चांदी की पायल, हथफूल, कंगन और बिछिया समेत अन्य जेवर शामिल थे. पीड़ित परिवार के अनुसार, चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये है.

सीसीटीवी फुटेज और यात्रियों की जांच जारी

मामले की सूचना मिलते ही जीआरपी गुना ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया. पुलिस ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ कर रही है और रुठियाई तथा गुना रेलवे स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है. चलती ट्रेन में हुई इस बड़ी चोरी की घटना ने रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है.

ये भी पढे़ं- चोरी करने आया, AC-कूलर की दुकान में खुद सो गया, साथी लाखों का सामान लेकर फरार; सुबह दुकान मालिक को सोता हुआ मिला

ज़रूर पढ़ें