Gwalior: अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया ने पकड़ी रफ्तार, 106 बेरोजगारों को मिली नौकरी, 14 को जल्द नियुक्ति की उम्मीद
सांकेतिक तस्वीर
Gwalior News: मध्य प्रदेश में पदोन्नति की प्रक्रिया में तेजी आने के साथ लंबे समय से अनुकंपा नियुक्ति का इंतजार कर रहे जरूरतमंद बेरोजगारों को राहत मिली है. इनमें कई ऐसे आवेदक हैं, जिनके प्रकरण 17 से 18 साल पुराने हैं. मुरैना के अभय सिंह के परिजन का निधन करीब 19 साल पहले हुआ था. अब उन्हें अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिल गई है.
अंचल के 106 लोगों को मिली नियुक्ति
इसी तरह अंचल के 106 अन्य बेरोजगारों को भी नियुक्ति दी जा चुकी है. अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया अभी जारी है. अकेले कलेक्ट्रेट में 14 और आवेदकों को दीपावली से पहले नियुक्ति मिलने की संभावना है. इनमें ज्यादातर वे मामले हैं, जो संबंधित विभागों में पद खाली नहीं होने के कारण लंबे समय से लंबित थे.
शिक्षा विभाग में सबसे ज्यादा नियुक्तियां
पिछले तीन महीनों में राज्य सरकार के 20 से अधिक विभागों में पात्र कर्मचारियों के आधार पर पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की गई है. संख्या के लिहाज से शिक्षा विभाग सबसे आगे रहा. अंचल में शिक्षा विभाग ने 88 आवेदकों को क्लर्क के पद पर नियुक्ति दी है, जबकि 15 लोगों को अन्य पदों पर नियुक्त किया गया है. इनके नियुक्ति आदेश भी जारी हो चुके हैं.
प्रदेश में 800 से ज्यादा नियुक्तियां
संयुक्त संचालक हरिओम चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेश में 800 से अधिक अनुकंपा नियुक्तियां की जा चुकी हैं. उन्होंने कहा कि जो प्रकरण अभी लंबित हैं, उनमें भी प्रक्रिया आगे जारी रहेगी. इस संबंध में सभी जिलों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं.
कलेक्ट्रेट में 14 प्रकरण अंतिम चरण में
कलेक्ट्रेट में भी कई विभागों में पद खाली नहीं होने के कारण 18 अनुकंपा नियुक्ति के आवेदन भेजे गए थे. इनमें से चार आवेदकों को राजस्व विभाग की सहमति मिलने के बाद नियुक्ति दी जा चुकी है. शेष 14 प्रकरणों में भी प्रक्रिया अंतिम चरण में है. अधिकारियों के अनुसार, कई बार आवेदकों द्वारा मनपसंद पद नहीं मिलने के कारण नियुक्ति स्वीकार नहीं करने से भी प्रकरण लंबित रहते हैं.
स्कूल शिक्षा विभाग ने दी 851 नियुक्तियां
स्कूल शिक्षा विभाग ने पूरे प्रदेश में 851 अनुकंपा नियुक्तियां दी हैं. इनमें 651 लोगों को क्लर्क और करीब 200 लोगों को भृत्य के पद पर नियुक्त किया गया है. जिलेवार औसत देखें तो अंचल के प्रत्येक जिले में करीब 6 से 8 कर्मचारियों को नियुक्ति मिली है. इससे विभागीय कामकाज को भी गति मिलने की उम्मीद है. आयुक्त के निर्देश पर लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए शिविर भी लगाए जा रहे हैं.
40 विभागों से मांगी गई लंबित प्रकरणों की जानकारी
प्रदेश सरकार के जिले में करीब 40 विभाग हैं. इन विभागों से भी अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े लंबित प्रकरणों की जानकारी मांगी गई है. प्रदेशभर में ऐसे लंबित मामलों की संख्या करीब 23 हजार होने का अनुमान है. सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देश के बाद सभी विभागों को प्रकरणों की सूची तैयार कर नियुक्ति प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए हैं.
ये भी पढे़ं- MP सरकार ने दी बड़ी सौगात! 600 अनुकंपा नियुक्ति आदेश जारी, लंबे वक्त से अटका था मामला