MP News: मुरैना में जलभराव से टापू बना प्राथमिक विद्यालय, जान जोखिम में डालकर पढ़ने को मजबूर छात्र

MP News: मुरैना जिले के विकासखंड अंतर्गत स्थित जेबरा खेड़ा प्राथमिक विद्यालय पिछले दो वर्षों से गंभीर जलभराव की समस्या से जूझ रहा है.
Waterlogged area outside the school

स्‍कूल के बाहर भरा पानी

रिपोर्ट – मनोज शर्मा

MP News: मुरैना जिले के विकासखंड अंतर्गत स्थित जेबरा खेड़ा प्राथमिक विद्यालय पिछले दो वर्षों से गंभीर जलभराव की समस्या से जूझ रहा है. विद्यालय के चारों ओर पानी भर जाने से पूरा परिसर टापू में तब्दील हो गया है. इसके बावजूद शिक्षक और छात्र जान जोखिम में डालकर स्कूल आने को मजबूर हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन स्थिति से अवगत होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है.

परिसर बना जलभराव का केंद्र

विद्यालय का खेल मैदान, पेयजल स्रोत और पूरा परिसर पूरी तरह पानी में डूबा हुआ है. रसोइया शकुंतला को घुटनों तक पानी में उतरकर मध्यान्ह भोजन तैयार करने के लिए पानी लाना पड़ता है. बच्चों के पीने के पानी का प्लेटफॉर्म भी जलमग्न है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

जर्जर भवन से हादसे का खतरा

लगातार जलभराव के कारण विद्यालय भवन भी जर्जर हो चुका है. स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है. छात्रों और रसोइया ने बताया कि विद्यालय परिसर में कई बार चंदनगोह (मॉनिटर लिजर्ड) और सांप निकल चुके हैं, जिससे बच्चों में भय का माहौल बना रहता है.

शौचालय जलमग्न, खुले में जाने की मजबूरी

विद्यालय के शौचालय भी पूरी तरह पानी में डूबे हुए हैं. इसके कारण महिला एवं पुरुष स्टाफ के साथ-साथ छात्र-छात्राओं को खुले में शौच जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है. यह स्थिति सुरक्षा और स्वच्छता, दोनों ही दृष्टि से गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है.

ग्रामीणों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय परिसर से जल्द जलनिकासी कराई जाए. साथ ही जर्जर भवन की जांच कर आवश्यक मरम्मत कराई जाए या नए भवन की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से पहले बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.

ये भी पढे़ं- MP News: दतिया उपचुनाव प्रचार के बीच खेत में उतरे जीतू पटवारी, ट्रैक्टर चलाकर धान की रोपाई की तैयारी में बंटाया हाथ

ज़रूर पढ़ें