इंदौर क्राइम ब्रांच ने IPL में सट्टा लगाने वाले 8 सटोरियों को किया गिरफ्तार, तीन लैपटॉप और 16 क्रेडिट कार्ड जब्त
इंदौर क्राइम ब्रांच
Indore News: इंदौर क्राइम ब्रांच पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट पर लगाए जा रहे सट्टे को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके कब्जे से 23 मोबाईल, तीन लैपटॉप और 16 क्रेडिट कार्ड सहित दस लाख रुपये कीमत का माल और करोड़ों का हिसाब जब्त किया है. आरोपियों ने दुबई के क्रिकेट बुल्की से सट्टे की लाइन लेकर अन्य सटोरियों को भी दी हैं जिससे अन्य जगहों पर सट्टा संचालित होने की संभावना जताई जा रही है.
एक महीने से चल रहा था सट्टा
इंदौर क्राइम ब्रांच को लसूडिया थाना क्षेत्र के बापजी नगर के एक मकान में करीब एक महीने से क्रिकेट सट्टा संचालित होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद क्राइम ब्रांच ने टीम बनाकर मौके पर दबिश दी जहां से पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जो ऑनलाइन तरीके से क्रिकेट का सट्टा लिख रहे थे. मौके से पुलिस में तीन लैपटॉप, 23 मोबाइल फोन, 16 क्रेडिट कार्ड, 155 इंच का एलइडी टीवी जप्त किया है. पुलिस ने मौके से आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनमें से चार आरोपी जबलपुर के रहने वाले हैं जबकि चार अन्य आरोपी उड़ीसा के रहने वाले हैं.
इस मामले में इंदौर क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि मुखबिर की सूचना पर पूरी कार्रवाई की गई और मौके से 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. इस मामले में मुख्य आरोपी कुणाल दास है जिसने टेलीग्राम एप्लीकेशन के माध्यम से अन्य लड़कों को अच्छी जॉब का लालच देकर इंदौर बुलाया था और सट्टा लिखने के काम में लगा दिया था. कुणाल दास जबलपुर का रहने वाला है और इंदौर में स्विग्गी और रैपीडो में काम कर चुका है बाकी सभी आरोपी हाई क्वालिफाइड होने के साथ ही कई बड़ी कंपनियों में नौकरी कर चुके हैं.
डीसीपी त्रिपाठी के मुताबिक
डीसीपी त्रिपाठी के मुताबिक यह पूरा सट्टा दुबई के “प्रीमियम क्लाइंट बुक” नामक वेबसाइट और कसीनो के पोर्टल के माध्यम से संचालित किया जा रहा था, इसके बाद इस पूरे सिंडिकेट के तार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़े होने के संकेत भी मिले हैं. फिलहाल क्राइम ब्रांच पुलिस ने सभी आठ आरोपियों पर पब्लिक गैंबलिंग एक्ट, आई टी एक्ट सहित बीएनएस की कई अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया है.