‘अब हम बताते हैं बदमाशी क्या होती है’, CM हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद प्रिंसिपल ने छात्रों को धमकाया

Indore: छात्रों को अपने हॉस्टल की समस्याओं की शिकायत करना भारी पड़ गया और अब उन्हें प्रिंसिपल द्वारा फेल करने की धमकी दी जा रही है.
Indore News

प्रिंसिपल देवेद्र रामिश

Indore: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के मल्हार आश्रम स्कूल में पढ़ने वाले सुपर-100 योजना के छात्रों को अपने हॉस्टल की समस्याओं की शिकायत करना भारी पड़ गया और अब उन्हें प्रिंसिपल द्वारा फेल करने की धमकी दी जा रही है. दरअसल IIT-JEE की तैयारी कर रहे छात्रों ने हॉस्टल के गंदे पानी, खराब पंखे, चोक टॉयलेट और चटकी दीवारों की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर की थी. उन्हें क्या पता था कि इस शिकायत की वजह से प्रिंसिपल साहब नाराज हो जाएंगे.

शिकायत करने पर प्रिंसिपल ने दी धमकी

छात्रों द्वारा की गई शिकायत का पता जैसे ही प्रिंसिपल देवेद्र रामिश को चला उन्होंने सभी विद्यार्थियों प्रैक्टिकल में जीरो नंबर देने और वार्षिक परीक्षा में फेल करने की धमकी दे डाली. सामने आए वीडियो में प्रिंसिपल देवेंद्र रामिश विद्यार्थियों से शिकायत करने वाले का नाम पूछते नजर आ रहे हैं. आरोप है कि उन्होंने दो विद्यार्थियों के नाम मोबाइल में लिखकर प्रैक्टिकल में जीरो नंबर देने और वार्षिक परीक्षा में फेल करने की बात कही.

प्रिंसिपल ने कहा कि जीरो नंबर देंगे

प्रिंसिपल विद्यार्थियों से यह भी कहते सुनाई देते हैं कि प्रैक्टिकल में जीरो नंबर मिलने पर वे फेल हो सकते हैं. दोबारा शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई. बातचीत के दौरान प्रिंसिपल कहते है तुम कर लो अपनी बदमाशी अब हम दिखाते हैं. मामला सामने आने के बाद कलेक्टर ने प्राचार्य को सस्पेंड करने का प्रस्ताव भेजने की बात कही है. वहीं प्रिंसिपल का कहना है कि वे विद्यार्थियों से चर्चा कर चुके हैं और माफी भी मांग चुके हैं.

12 में से केवल 3 बाथरूम यूज के लायक

जिन बच्चों के हाथों में किताबें होनी चाहिए, उन्हें गंदे टॉयलेट, बदबूदार हॉस्टल और जर्जर छतों के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है. हालात इतने खराब हैं कि 12 बाथरूम में से सिर्फ 3 इस्तेमाल करने लायक हैं. इन्हीं सब समस्यांओं से परेशान होकर जब बच्चों ने शिकायत की तो सुविधाएं मांगने वाले बच्चों को ही उनके भविष्य का डर दिखाया गया.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें