खंडवा में वन्यजीवों के शिकार के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, फाइनेंसर समेत 5 आरोपी गिरफ्तार
फाइल फोटो
मध्य प्रदेश के जंगलों में वन्यजीवों का शिकार अब महज शौक नहीं, बल्कि कुछ लोगों के लिए पैसे और जुनून का खेल बनता जा रहा है. खंडवा जिले में सांभर के शिकार के मामले में वन विभाग और एसटीएसएफ की जांच ने ऐसे ही एक नेटवर्क का खुलासा किया है. मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जांच में सामने आया कि कुछ लोग शिकार के लिए पैसे देते थे, तो कुछ शिकार की गतिविधियों में शामिल थे. चार महीने पुराने इस मामले में जांच एजेंसियां अब अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हैं.
जंगल वन्यजीव और शिकार का कथित जुनून
खंडवा जिले के सांभर शिकार प्रकरण में जांच के दौरान कई नाम सामने आए हैं. वन विभाग और एसटीएसएफ की कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि इन लोगों का जंगल में वन्यजीवों के शिकार से जुड़ी गतिविधियों में अलग-अलग भूमिका थी.
8 मई 2026 को हुई थी शुरुआत
मामले की शुरुआत 8 मई 2026 को खंडवा जिले के पुनासा क्षेत्र में सांभर के शिकार की घटना से हुई थी. जांच के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया और शिकार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आने लगी. इसी कड़ी में इंदौर के कारोबारी और आईटी कंपनी से जुड़े लोगों सहित अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया.
जांच में सामने आया कि कुछ लोग शिकार के लिए आर्थिक मदद मुहैया कराते थे, जबकि कुछ कथित तौर पर शिकार की गतिविधियों में शामिल थे. जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपियों के बीच संपर्क और सहयोग की भूमिका भी सामने आई है. अब इस पूरे नेटवर्क के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश की जा रही है.
घटनाक्रम वन विभाग के लिए भी चुनौती
वन्यजीव शिकार से जुड़े मामलों में लगातार सामने आ रहे ऐसे घटनाक्रम वन विभाग के लिए भी चुनौती बने हुए हैं… जांच एजेंसियां गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले के बाकी पहलुओं को खंगाल रही हैं. सांभर शिकार प्रकरण में अब जांच का फोकस उन लोगों तक पहुंचने पर है, जिनकी भूमिका अभी सामने आना बाकी है.
फॉरेस्ट अधिकारी का कहना है कि…
इधर खंडवा में पदस्थ फॉरेस्ट अधिकारी का कहना है कि वन मंडल खंडवा के चांदगढ़ परिक्षेत्र में गश्ती के दौरान स्थानीय वन अमले को एक सांभर के शिकार की सूचना मिली थी। तो उस पर कार्रवाई करते हुए स्थानीय अमले द्वारा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, साथ में सांभर का शव भी बरामद किया गया था.
इसी केस में आगे कार्रवाई करते हुए एक अन्य आरोपी की भी गिरफ्तारी हुई थी. उसके बाद यह केस स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (STSF) को सौंप दिया गया था. हाल ही में स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स द्वारा इसमें कार्रवाई करते हुए दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है. इस तरह से अभी तक उक्त शिकार केस में कुल पाँच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.



