इंदौर में 100 करोड़ से बना अत्याधुनिक आईएसबीटी तैयार, 5 राज्यों के लिए चलेंगी 1500 से ज्यादा बसें

Indore News: इंदौर के कुमेड़ी में यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं देने के लिए 100 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) अब यात्रियों के स्वागत के लिए तैयार है.
Indore ISBT

Indore ISBT

Indore News: इंदौर के कुमेड़ी में यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं देने के लिए 100 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) अब यात्रियों के स्वागत के लिए तैयार है. करीब 15 एकड़ यानी 5.85 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित यह टर्मिनल शहर की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने वाला है. इसकी खासियत यह है कि इसे केवल बसों के संचालन तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि भविष्य में मेट्रो और रेलवे से जोड़कर एक एकीकृत परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है.

बीवीजी इंडिया संभालेगी संचालन

टर्मिनल के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी पुणे की बीवीजी इंडिया कंपनी को सौंपी गई है. यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे परिसर में 225 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. यहां मध्य प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के लिए प्रतिदिन 1500 से अधिक बसों के संचालन की व्यवस्था की गई है. शुरुआत में महाराष्ट्र और राजस्थान जाने वाली बसें यहां से संचालित होंगी.

खाने-पीने की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए टर्मिनल में गोलाकार फूड जोन विकसित किया गया है. यहां कुल 16 रेस्टोरेंट तैयार किए गए हैं. इनमें चार बड़े रेस्टोरेंट करीब 1800 वर्ग फीट और 12 छोटे रेस्टोरेंट 450 वर्ग फीट क्षेत्र में बनाए गए हैं. इसके अलावा परिसर के अंदर 23 दुकानें पैकेट फूड की बिक्री के लिए निर्धारित की गई हैं, जबकि बाहर बस ऑपरेटरों के कार्यालयों के लिए 12 दुकानें बनाई गई हैं.

पहली मंजिल पर आईटी कंपनियों के लिए 33 कार्यालय

इस आईएसबीटी में व्यावसायिक गतिविधियों को भी जगह दी गई है. पहली मंजिल पर आईटी कंपनियों के लिए 33 आधुनिक कार्यालय तैयार किए गए हैं. इस मंजिल को ग्लास ब्रिज के माध्यम से फूड जोन से जोड़ा गया है, जिससे परिसर का उपयोग परिवहन के साथ व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी किया जा सकेगा.

ड्राइवर-कंडक्टरों के लिए विश्राम गृह की व्यवस्था

बस चालकों और परिचालकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पार्किंग क्षेत्र के पास अलग से विश्राम गृह बनाया गया है. यहां 50 से अधिक ड्राइवर और कंडक्टर नाममात्र शुल्क देकर ठहर सकेंगे. उनके सोने और भोजन की व्यवस्था भी की गई है.

आधुनिक सुविधाओं, सुरक्षा इंतजामों और व्यापक परिवहन नेटवर्क के साथ कुमेड़ी का यह आईएसबीटी इंदौर की अंतरराज्यीय बस सेवाओं को व्यवस्थित करने और यात्रियों को एक ही परिसर में कई सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.

ज़रूर पढ़ें