कटनी सड़क हादसे पर CM मोहन यादव ने दुख जताया, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की आर्थिक मदद का ऐलान

कटनी के कुठला थाना क्षेत्र के लमतरा फाटक के पास कटनी से विजयराघवगढ़ जा रही यात्री बस (MP19 P 0347) की सामने से आ रहे ओवरलोड हाइवा से टक्कर हो गई.
CM Mohan Yadav

सड़क हादसे पर सीएम मोहन यादव ने जताया दुख

मध्य प्रदेश के कटनी जिले से भयंकर सड़क हादसे की खबर सामने आई है. हादसा कुठला थाना क्षेत्र के लमतरा फाटक के पास हुआ, जहां कटनी से विजयराघवगढ़ जा रही यात्री बस (MP19 P 0347) की सामने से आ रहे ओवरलोड हाइवा से टक्कर हो गई. इस हादसे में दो व्यक्तियों के साथ एक महिला की मौत हो गई है. वहीं 35 लोग घायल बताए जा रहे हैं. इस हादसे पर सीएम मोहन यादव ने ट्वीट कर दुख जताया है.

महिला के ऊपर चढ़ गया हाइवा

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार ये टक्कर इतनी भयानक थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई और कई यात्री उसके भीतर फंस गए. सबसे दर्दनाक दृश्य उस समय सामने आया जब एक महिला बस से बाहर जा गिरी और उसके ऊपर हाइवा चढ़ गया. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में जुट गए और डायल-112 तथा एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया.

सीएम मोहन यादव ने किया ट्वीट

इस घटना पर सीएम मोहन यादव ने भी ट्वीट कर दुख प्रकट किया है साथ ही मु्आवजे का भी ऐलान किया है. मोहन यादव ने लिखा ‘कटनी जिले में कुठला थाना क्षेत्र के अंतर्गत लमतरा ब्रिज के पास सड़क दुर्घटना में बस यात्रियों की मृत्यु का समाचार दुखद है. ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों को शांति प्रदान करें, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें.’

4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता का ऐलान

उन्होंने आगे लिखा ‘शोकाकुल परिवारजनों के साथ मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. शासन की तरफ से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं.’ इतना ही नहीं सीएम मोहन यादव ने दुर्घटना में घायल यात्रियों के समुचित इलाज और गंभीर रूप से घायल एक यात्री को 1 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं.

ये भी पढे़ं: मुरैना में ट्रेन से कटकर 4 यात्रियों की मौत, उदयपुर इंटरसिटी में आग की अफवाह से कूदे यात्री, पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आए

ज़रूर पढ़ें