Dindori: अंग्रेजों के जमाने में बना पुल हुआ जर्जर, जबलपुर-अमरकंटक हाईवे पर बने ब्रिज की मरम्मत ना होने से हादसे की आशंका
डिंडोरी: जबलपुर-अमरकंटक हाईवे पर बना पुल हुआ जर्जर
Dindori News: (अनिल साहू की रिपोर्ट) मध्य प्रदेश में जर्जर पुलों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं. प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रदेश में 253 पुल जर्जर घोषित किए जा चुके हैं, जिनमें 46 पुल बेहद खतरनाक श्रेणी में हैं. नियमानुसार 15 जून तक सभी पुलों का सुरक्षा ऑडिट पूरा होना चाहिए था, लेकिन कई स्थानों पर सर्वे का काम भी समय पर पूरा नहीं हो सका. इसी लापरवाही की तस्वीर डिंडोरी जिले से सामने आई है.
नर्मदा नदी पर बने पुल पर जगह-जगह आई दरार
डिंडोरी जिला मुख्यालय से करीब 5 कि मी दूर जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर नर्मदा नदी के ऊपर बना अंग्रेजों के समय का पुल आज भी बदहाल स्थिति में है. पुल के पिलरों और संरचना में कई जगह दरारें साफ दिखाई दे रही हैं. इसके बावजूद प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन और यात्री इसी पुल से होकर गुजरने को मजबूर हैं.
समय से पुल की नहीं हो सकी मरम्मत
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल की जर्जर स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है. लगातार हो रही बारिश के बीच पुल की स्थिति को लेकर लोगों की चिंता और बढ़ गई है. उनका कहना है कि यदि समय रहते पुल की मरम्मत या नया निर्माण नहीं कराया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है.
ये भी पढ़ें: मिड-डे मील के बाद छात्र खुद धो रहे जूठे बर्तन, मुरैना में पानी पीने के लिए सड़क पार करने को मजबूर
सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
ऐसे में सवाल यह है कि जब सुरक्षा ऑडिट के निर्देश पहले से मौजूद हैं, तब भी जर्जर पुलों की मरम्मत में देरी क्यों हो रही है? क्या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जिम्मेदार विभाग जागेगा, या फिर समय रहते इस पुल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी?