जबलपुर में गाड़ी से मिले 32 लाख रुपये, हवाला की आशंका, पुलिस ने 2 आरोपियों को हिरासत में लिया
जबलपुर: पुलिस ने गाड़ी से 32 लाख रुपये बरामद किए
Jabalpur Crime News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. माढ़ोताल थाना क्षेत्र से पुलिस ने गाड़ी की डिक्की से 32 लाख रुपये बरामद किए हैं. इसके साथ ही दो आयुष ललवानी और शुभम विश्वकर्मा नाम के दो युवकों को हिरासत में लिया गया है. दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.
हवाला की आशंका जताई गई
मध्य प्रदेश पुलिस को सूचना मिली थी कि एक गाड़ी में बड़ी मात्रा में पैसे ले जाए जा रहे हैं. माढ़ोताल थाने के सामने एक टू व्हीलर पर सवार होकर दो युवक पहुंचे. पुलिस कर्मियों को देखते ही वाहन चालक ने रास्ता बदलने की कोशिश की. पुलिस को संदेह होने पर दोनों युवकों को आवाज दी. पुलिस की आवाज को अनदेखा करते हुए भागने का प्रयास करने लगे. इससे पुलिस को गड़बड़ी का संकेत मिला.
जब पुलिसकर्मियों की आवाज देने पर भी युवक नहीं रुके तो पुलिस ने घेराबंदी की और दोनों को दबोच लिया. उन्हें घबराया हुआ देखकर गाड़ी की तलाशी ली गई. जब गाड़ी की डिक्की खुलवायी गई तो सभी चौंक गए. 100, 200 और 500 रुपये की गड्डियां मिलीं. कुल मिलाकर गाड़ी से 32 लाख रुपये बरामद किए गए. इस राशि के बारे में कहा जा रहा है कि ये हवाला की राशि हो सकती है.
पैसे आयकर विभाग को दिए गए
सिटी पुलिस अधीक्षक उमेश तिवारी का कहना है कि गाड़ी से मिली 32 लाख रुपये की राशि को आयकर विभाग को सुपुर्द कर दिए गए हैं. अब इस मामले में आगे की जांच आयकर विभाग करेगा. मामले में जांच की जा रही है. युवकों से पूछताछ की जा रही है. हर एंगल से मामले को खंगाला जा रहा है. पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर इतनी बड़ी राशि लेकर आरोपी कहां जा रहे थे? इस राशि का क्या इस्तेमाल होने वाला था.



