बालाघाट: खेत के बीच भूसे में दबे थे 4 करोड़ रुपये, नागपुर क्राइम ब्रांच ने जब्त किए 3 बोरी नोट
खेत से मिले नोट के बोरे
Balaghat News: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के ग्राम डोरली में खेत के अंदर भूसे के ढेर के नीचे छिपाकर रखी गई नकदी की तीन बोरियां मिलने से हड़कंप मच गया. महाराष्ट्र के नागपुर में हुई 3.74 करोड़ रुपये की लूट के मामले में नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम मंगलवार सुबह एक आरोपी को लेकर गांव पहुंची थी. आरोपी की निशानदेही पर 24 वर्षीय अरविंद डहरवाल के खेत में बस्ती तालाब के पास छिपाई गई बोरियां बरामद की गईं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बरामद रकम 4 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है.
ग्राम पंचायत में रखी गई नकदी, गिनती जारी
पुलिस ने नकदी बरामद करने के बाद उसे ग्राम पंचायत डोरली में रखवाया, जहां नोटों की गिनती की जा रही है. लूट की बताई गई रकम से अधिक नकदी मिलने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. बरामद राशि कितनी है और इसका संबंध किन वारदातों से है, यह गिनती पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा.
परिचित के खेत में चार दिन पहले छिपाई थी रकम
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने करीब चार दिन पहले नकदी को तीन बोरियों में भरकर गांव के एक परिचित के खेत में छिपा दिया था. बोरियों को पैरे के ढेर के नीचे रखा गया था, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो. मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को लेकर मौके पर पहुंची और उसकी निशानदेही पर तलाशी ली. इस दौरान तीनों बोरियां बरामद कर ली गईं.
18 नवंबर की रात नागपुर में हुई थी लूट
दरअसल, 18 नवंबर की रात महाराष्ट्र के नागपुर के तुलसी नगर इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों से नकदी से भरी कार लूट ली थी. कार में 3.74 करोड़ रुपये रखे हुए थे. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार को कामठी रोड स्थित खैरी इलाके में छोड़कर नकदी लेकर फरार हो गए थे. इसके बाद से नागपुर पुलिस लूट में शामिल आरोपियों और रकम की तलाश कर रही थी.
चार करोड़ से ज्यादा की रकम मिलने से बढ़ा संदेह
बालाघाट के डोरली गांव में नकदी बरामद होने के बाद मामले की जांच में नया मोड़ आ गया है. लूट की बताई गई रकम से अधिक नकदी मिलने के कारण पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी अन्य वारदात में भी शामिल हो सकते हैं. हालांकि, इस संबंध में अभी जांच जारी है. पुलिस बरामद रकम के स्रोत, आरोपियों की भूमिका और अन्य संभावित आपराधिक घटनाओं से इसके संबंधों का पता लगा रही है.



