Mauganj: खाकी वर्दी ने निभाया फर्ज, थाना प्रभारी ऋषि द्विवेदी ने गहरे कुएं में उतरकर बचाई बेजुबान की जान

Mauganj: मऊगंज थाना प्रभारी ने वर्दी की गरिमा को और ऊंचा करने का काम किया है. थाना प्रभारी ने रात के अंधेरे में कुएं में उतर कर एक बेजुवान की जान बचाई.
Mauganj

थाना प्रभारी ऋषि द्विवेदी

Mauganj: मऊगंज जिले में अंधेरी रात, सन्नाटा और सामने मौत का गहरा कुआं, हालात ऐसे थे कि किसी की भी हिम्मत जवाब दे जाए. लेकिन नईगढ़ी थाना क्षेत्र में 28-29 अप्रैल की दरमियानी रात एक ऐसा साहसिक दृश्य सामने आया, जिसने पुलिस की बहादुरी को नई पहचान दे दी.

मौत के कुएं में उतरी खाकी!

एक गाय अचानक गहरे कुएं में गिर गई. सूचना मिलते ही नईगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन चुनौती आसान नहीं थी. चारों तरफ घुप्प अंधेरा, गहराई का अंदाजा नहीं और संसाधन बेहद सीमित. सबसे बड़ी बात, कुएं में उतरने की हिम्मत कोई नहीं जुटा पा रहा था. तभी थाना प्रभारी ऋषि द्विवेदी ने वह किया, जो हर कोई नहीं कर सकता. बिना एक पल गंवाए उन्होंने खुद कुएं में उतरने का फैसला लिया. यह सिर्फ एक रेस्क्यू नहीं था, बल्कि अपनी जान को दांव पर लगाकर इंसानियत निभाने का जज्बा था.

घंटों की मशक्कत के बाद मिली सफलता.

उनकी अगुवाई में पुलिस टीम और ग्रामीणों ने मिलकर घंटों तक संघर्ष किया. रात गहराती गई, खतरा बढ़ता गया, लेकिन हौसले और मजबूत होते गए. आखिरकार करीब रात 2 बजे कड़ी मशक्कत के बाद गाय को सकुशल बाहर निकाल लिया गया. यह घटना सिर्फ एक रेस्क्यू ऑपरेशन नहीं, बल्कि उस जज्बे की मिसाल है, जो पुलिस को आम लोगों से अलग बनाता है. नईगढ़ी पुलिस ने दिखा दिया कि वर्दी सिर्फ कानून की नहीं, बल्कि संवेदनाओं और जिम्मेदारी की भी पहचान है.

पुलिस अधीक्षक ने की सराहना

इस साहसिक कार्य की सराहना करते हुए मऊगंज पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने थाना प्रभारी ऋषि द्विवेदी और उनकी टीम की खुलकर प्रशंसा की. वही थाना प्रभारी के बहादुरी की चर्चा पूरे क्षेत्र में है जहां लोग कह रहे हैं, ऐसी पुलिस हो, तो भरोसा खुद मजबूत हो जाता है.

ये भी पढ़ेंः पहले हथौड़े से किया हमला फिर रेता गला, प्रेमी के लिए पति को सुलाया मौत की नींद, अब हुई उम्रकैद

ज़रूर पढ़ें