13 गुर्जरों की हत्या करने वाले डकैत को बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी ने बताया ‘सुख दुख का साथी’, Video

MLA Pritam Lodhi Controversial Statement: रामबाबू गडरिया ग्वालियर चंबल इलाके का कुख्यात डकैत है, जिस पर सरकार ने 15 लाख रुपए का इनाम रखा था. उस पर हत्या, डकैती, फिरोती और अपहरण के करीब 100 से ज्यादा मामले दर्ज थे.
Pritam Lodhi

प्रीतम लोधी

Praises Dacoit Rambabu Gadariya: अपने बड़बोले पन और उल्टी-सीधी बयानबाजी देकर सुर्खियों में रहने वाले शिवपुरी जिले की पिछोर सीट से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने इस बार एक डकैत को ही अपना भाई बता दिया. अपने बयान को लेकर एक बार फिर वे विवादों से घिरते नजर आ रहे हैं, क्योंकि ग्वालियर-चंबल संभाग के किसी जमाने के सबसे खूंखार और कुख्यात डकैत रहे रामबाबू गडरिया को मंच से ही अपना भाई बता दिया. उनके इस बयान से बाद सियासी हलचल तेज हो गई है. जानें क्या है पूरा मामला?

दरअसल, रविवार को पिछोर में अहिल्याबाई होल्कर जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया था. जिसमें बतौर मुख्य अतिथि प्रीतम लोधी पहुंचे थे. प्रीतम लोधी ने इस दौरान अहिल्याबाई होल्कर के साथ ही 15 लाख के इनामी रहे डकैत रामबाबू गडरिया को ही सुख-दुख का साथी बता दिया. जबकि रामबाबू गडरिया पर 13 गुर्जरों की हत्या करने का भी आरोप है.

पोस्टर पर चढ़ाई माला

कार्यक्रम में पहुंचे प्रीतम लोधी ने अहिल्याबाई होल्कर के बगल में डकैत रामबाबू गडरिया का पोस्टर लगवा दिया. इस दौरान विधायक ने डकैत की तस्वीर पर माला भी चढ़ाया और श्रद्धांजलि देते हुए अपने आप को सम्मानित महसूस किया. प्रीतम लोधी ने मंच से ही दावा किया कि रामबाबू की बहन पर अत्याचार होने के बाद उन्होंने समर्थन में आवाज उठाई थी. सामंती अत्याचारों ने रामबाबू को डकैत बनने पर मजबूर किया.

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो

विधायक ने मंच से बताया कि रामबाबू से मेरी मुलाकात जेल से लेकर जंगल तक कई बार हुई. इस दौरान तो विधायक ने यह भी कह डाला कि रामबाबू के साथ अतीत में जो अत्याचार हुआ, उसे वह कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे और हमेशा हक के लिए खड़े रहेंगे. इस दौरान वे अपने बाहुबल का भी प्रदर्शन करते नजर आए. मंच से ही बताया कि पहले लोग ढाई किलो का हाथ कहते थे, लेकिन पिछोर की जनता ने बता दिया कि हाथ अब ढाई सौ किलो का हो चुका है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

ये भी पढ़ेंः Gwalior: गुटखा-आइसक्रीम नहीं है, सुनते ही दबंगों ने दुकानदार को लाठी-डंडों पीटा, महिलाओं को भी नहीं छोड़ा

कौन है रामबाबू गडरिया

रामबाबू गडरिया ग्वालियर चंबल इलाके का कुख्यात डकैत है, जिस पर सरकार ने 15 लाख रुपए का इनाम रखा था. उस पर हत्या, डकैती, फिरोती और अपहरण के करीब 100 से ज्यादा मामले दर्ज थे. लेकिन अंत पुलिस एनकाउंटर के साथ हुआ. अब भाजपा से विधायक प्रीतम लोधी ने मंच से रामबाबू का गुणगान कर एक बार फिर सुर्खियों पर ला दिए हैं. प्रीतम लोधी अपने अटपटे बयानबाजी के लिए जाने जाते हैं.

ज़रूर पढ़ें