Gwalior: गुटखा-आइसक्रीम नहीं है, सुनते ही दबंगों ने दुकानदार को लाठी-डंडों पीटा, महिलाओं को भी नहीं छोड़ा
ग्वालियर में दबंगों ने दुकानदार को पीटा
MP News: ग्वालियर में एक दुकान पर राजश्री गुटखा और आइसक्रीम का स्टॉक खत्म हो जाना किराना व्यापारी को भारी पड़ गया. इस दौरान गुस्साए दबंगों ने मोबाइल पर कॉल करके अपने आधा दर्जन से ज्यादा नकाबपोश साथियों को बुलाया और दुकानदार पर हमला कर दिया. काफी देर तक यह विवाद चलता रहा. जब आसपास के कई लोग आ पहुंचे, तब दबंगों ने दुकानदार और उसके परिवार को छोड़कर फरार हो गए. फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, दबंगों ने इस दौरान न सिर्फ दुकानदार के घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया, बल्कि दुकानदार, उसके भाई और पत्नी को बाल पकड़कर घसीटते हुए पहले घर से बाहर निकाला. उसके बाद लाठी-डंडों, बेल्ट और भारी भरकम पत्थरों से उन पर जानलेवा हमला कर दिया. हमलावर दुकानदार पक्ष को तब तक पीटते रहे जब तक कि वे अधमरा नहीं हो गए.
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई एफआईआर
इस घटना को देखते हुए आसपास के लोग एकत्रित होने लगे, तब आरोपी भाग निकले. इस घटना में दोनों पक्षों के कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वहीं पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रास केस दर्ज किया है.
ये भी पढ़ेंः उज्जैन के 100 चौराहे होंगे हाईटेक, भीड़ बढ़ने पर इंदौर में रुकेंगे श्रद्धालु, सिंहस्थ 2028 को लेकर तैयारियां तेज
पुलिस जांच में जुटी
इस मामले को लेकर ASP ग्वालियर जयराज कुबेर ने बताया कि दुकानदार से कुछ लोगों ने सामान मांगा, तो उसने स्टॉक खत्म होने की बात कही, जिसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया. इस दौरान दोनों पक्षों के 4 लोगों को चोट आई है. मामले की जांच की जा रही है.