आलीराजपुर में पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या, पहले मारी टक्कर फिर धारदार हथियार से किया वार

अलीराजपुर से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां पर पुरानी रंजिश के चलते हुए एक युवक को मौत के घाट उतार दिया. आइए जानते है क्या है पूरा मामला.
Alirajpur murder news

पकड़ा गया आरोपी

मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले के कट्ठीवाड़ा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. घटना के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या में इस्तेमाल फालिया और मैक्स वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है.

कवछा मुख्य मार्ग का मामला

मामला ग्राम कवछा मुख्य मार्ग का है, जहां 18 नवंबर को भुरीआम्बा निवासी 35 वर्षीय जुवानसिंह की हत्या कर दी गई थी. बताया जा रहा है कि जुवानसिंह अपने साथी रमेश तोमर के साथ मोटरसाइकिल से कट्ठीवाड़ा धान के पैसे लेने आया था. पैसे लेकर दोनों वापस गांव लौट रहे थे, तभी दोपहर करीब डेढ़ बजे ग्राम कवछा में आरोपियों ने पीछे से अपनी मैक्स गाड़ी से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी.

गाली-गलौज और मारपीट शुरू

टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गए. इसके बाद आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने जुवानसिंह पर फालिये से हमला किया और फिर मैक्स वाहन को आगे-पीछे कर उसे कुचल दिया. गंभीर रूप से घायल जुवानसिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कट्ठीवाड़ा ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक समर वर्मा के निर्देशन में कट्ठीवाड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की और 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों प्रताप सिंह बामनिया और दुरसिंह बामनिया को गिरफ्तार कर लिया.

हत्या में इस्तेमाल वाहन जब्त

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल फालिया और मैक्स वाहन भी जब्त कर लिया है. वहीं, मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है. पुरानी रंजिश में हुई इस सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है. अब पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें