एमडी ड्रग्स और अफीम तस्करी पर MP पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 21 करोड़ 97 लाख के मादक पदार्थ बरामद

कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने मौके से 11,600 नग हरे अफीम के पौधे (कुल वजन 9 क्विंटल 76 किलोग्राम) जब्त किए. बरामद पौधों की अनुमानित कीमत 97 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है. पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.
MP Police recovered drugs worth approximately Rs 22 crore.

एमपी पुलिस ने लगभग 22 करोड़ का मादक पदार्थ बरामद किया.

MP News: मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेश में मादक पदार्थों के अवैध निर्माण, तस्करी और खेती के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो बड़ी कार्रवाइयों में 21 करोड़ 97 लाख रुपये से अधिक के मादक पदार्थ जब्त किए हैं. यह कार्रवाई राजगढ़ और नीमच जिलों में की गई. प्रदेश पुलिस द्वारा ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत नशे के अवैध कारोबार पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है.

नीमच में 9.76 क्विंटल अवैध अफीम के हरे पौधे जब्त

नीमच जिले की पुलिस चौकी जाट को 11 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम लुहारिया जाट में कपास की फसल की आड़ में अवैध अफीम की खेती की जा रही है. सूचना की पुष्टि तकनीकी साधनों और ड्रोन सर्चिंग के माध्यम से की गई.

कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने मौके से 11,600 नग हरे अफीम के पौधे (कुल वजन 9 क्विंटल 76 किलोग्राम) जब्त किए. बरामद पौधों की अनुमानित कीमत 97 लाख 60 हजार रुपये आंकी गई है. पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है.

राजगढ़ पुलिस ने 21 करोड़ की एमडी ड्रग्स बरामद

राजगढ़ जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग्स जब्त की. थाना माचलपुर पुलिस ने 11 फरवरी को ग्राम माणा के पास से एक आरोपी को पकड़ा है. पूछताछ में आरोपी ने ग्राम अरनिया स्थित अपने घर में एमडी ड्रग्स छिपाकर रखने की जानकारी दी. घर की तलाशी में किचन में रखे एक कार्टून से 10.160 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी गई.

इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर सहआरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. उसने खेत में मादक पदार्थ छिपाकर रखने की जानकारी दी. पुलिस टीम ने सरसों के खेत में हरे रंग के कार्टून से 11.350 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की.

दोनों कार्रवाइयों में कुल 21.510 किलोग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 21 करोड़ रुपये बताई गई है.

ये भी पढे़ं: MP News: 2062 करोड़ के फर्जी फॉरेक्स घोटाले में बड़ी कार्रवाई, STF ने 30 हजार के इनामी ऋषिकेश राय को नोएडा से दबोचा

ज़रूर पढ़ें