Rewa News: 20 दिन बाद कब्र से निकाला गया शव, पत्नी पर परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम से खुलेगा मौत का राज
कब्र से निकाला शव
Rewa News: रीवा जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 42 वर्षीय मुस्लिम युवक की मौत के करीब 20 दिन बाद पुलिस ने कब्र खुदवाकर शव बाहर निकलवाया. मृतक के परिजनों ने उसकी मौत को सामान्य मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई और पोस्टमार्टम की मांग की. इसके बाद पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर एसडीएम की अनुमति से गुरुवार को बैकुण्ठपुर स्थित कब्रिस्तान से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेज दिया. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा.
9-10 जुलाई की रात हुई थी मौत
मामला बिछिया थाना क्षेत्र के कुठुलिया मोहल्ले का है. यहां रहने वाले 42 वर्षीय मोहम्मद लुकमान की 9 और 10 जुलाई की दरमियानी रात अचानक मौत हो गई थी. उस समय परिजनों ने इसे सामान्य मौत मानते हुए बिना पोस्टमार्टम कराए शव को उसके पैतृक गांव बैकुण्ठपुर के कब्रिस्तान में दफना दिया था.
20 दिन बाद बदला परिजनों का रुख
घटना के करीब 20 दिन बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस से संपर्क कर मौत को संदिग्ध बताते हुए पोस्टमार्टम कराने की मांग की. मृतक के भाई मोहम्मद दाऊद ने आरोप लगाया कि उनके भाई की मौत सामान्य नहीं थी. उन्होंने मृतक की पत्नी पर भी संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की.
एसडीएम की अनुमति से कब्र खोदकर निकाला शव
परिजनों की शिकायत के बाद बिछिया थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने और एसडीएम से अनुमति मिलने के बाद प्रशासन, पुलिस और चिकित्सकीय टीम की मौजूदगी में कब्र की खुदाई कर शव बाहर निकाला गया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा गया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी जांच
पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मोहम्मद लुकमान की मौत स्वाभाविक थी या उसके पीछे कोई साजिश अथवा आपराधिक घटना थी. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इलाके में चर्चा का विषय बना मामला
दफनाए गए शव को करीब 20 दिन बाद कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की घटना पूरे रीवा जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है. आमतौर पर ऐसी कार्रवाई तभी की जाती है, जब मौत को लेकर गंभीर संदेह या नए तथ्य सामने आते हैं. अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस रहस्यमयी मौत की सच्चाई सामने ला सकती है.
ये भी पढे़ं- Mauganj: तेज बारिश के बीच अदवा नाले में बहा व्यक्ति, 24 घंटे बाद 1 किमी दूर झाड़ियों में मिला शव