मऊगंज: आकांक्षा के घर 15वें दिन पहुंचे कलेक्टर, नीट पेपर लीक के बाद की थी आत्महत्या, परिजनों को दिया हर संभव सहायता का भरोसा
आकांक्षा के घर पहुंचे कलेक्टर
मऊगंज जिले के मंगनिया ग्राम निवासी एवं नागपुर में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा आकांक्षा चतुर्वेदी की दुखद मृत्यु से पूरे जिले में शोक की लहर व्याप्त है. होनहार छात्रा की असमय मौत ने न केवल उसके परिवार को बल्कि पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है. घटना के बाद शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं के बढ़ते दबाव और विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर व्यापक चर्चा शुरू हो गई है.
कलेक्टर ने पहुंचकर बंधाया ढांढस
घटना की जानकारी मिलने पर 15 दिन बाद मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन स्वयं पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी. उन्होंने परिवार के सदस्यों से चर्चा करते हुए इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की अपील की तथा जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया.
संतान को खोना सबसे बड़ी पीड़ा
कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि किसी भी माता-पिता के लिए अपनी संतान को खोना सबसे बड़ी पीड़ा होती है और इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती के साथ खड़ा है.
अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परिवार की परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जाए तथा शासन स्तर पर उपलब्ध राहत एवं सहायता योजनाओं की जानकारी समय पर परिजनों तक पहुंचाई जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पीड़ित परिवार को हर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा.
विद्यार्थियों को दिया महत्वपूर्ण संदेश
इस अवसर पर कलेक्टर ने विद्यार्थियों और युवाओं को महत्वपूर्ण संदेश भी दिया. उन्होंने कहा कि परीक्षा का दबाव, मानसिक तनाव या जीवन की किसी भी कठिन परिस्थिति में परिवार, शिक्षकों और विशेषज्ञों से खुलकर संवाद करना चाहिए. जीवन अनमोल है और हर समस्या का समाधान बातचीत एवं सहयोग के माध्यम से निकाला जा सकता है.
पूरे जिले में शोक का माहौल
आकांक्षा चतुर्वेदी की असमय मृत्यु ने पूरे जिले को झकझोर दिया है. जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है.
ये भी पढ़ें: MP में यात्रियों की जेब पर पड़ सकता है असर! बस ऑपरेटर्स ने दी चेतावनी, किराए बढ़े नहीं तो करेंगे हड़ताल