मऊगंज में स्वच्छता को लेकर प्रशासन का एक्शन! दुकान में रखने होंगे दो डस्टबिन वरना लगेगा तगड़ा जुर्माना

Mauganj News: जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह केवल अपील नहीं बल्कि पालन किए जाने वाला निर्देश है. यदि किसी दुकान, प्रतिष्ठान या मकान में दो अलग-अलग डस्टबिन नहीं पाए गए तो संबंधित व्यक्ति पर ₹5,000 का जुर्माना लगाया जाएगा.
mauganj Keeping two dustbins in shops will be mandatory otherwise fine of ₹5000 will be imposed

मऊगंज: दुकानों में रखने होंगे दो डस्टबिन, कलेक्टर ने दिए आदेश

Mauganj News: मऊगंज जिले को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बड़ा और सख्त निर्णय लिया है. कलेक्टर संजय कुमार जैन ने नगर परिषद मऊगंज क्षेत्र का भ्रमण कर शहर की साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और कचरा संग्रहण व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान कई दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर गीले एवं सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन नहीं पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर परिषद अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने के निर्देश दिए.

व्यापारी का नैतिक, सामाजिक दायित्व

कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक और व्यापारी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है. यदि कचरे का स्रोत स्तर पर ही पृथक्करण किया जाएगा तो शहर में गंदगी कम होगी, कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण संभव होगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा.

दो डस्टबिन रखना होगा अनिवार्य

कलेक्टर के निर्देश के बाद नगर परिषद मऊगंज ने आम सूचना जारी करते हुए नगर क्षेत्र के सभी व्यापारियों, दुकानदारों और नागरिकों को अपने प्रतिष्ठानों एवं मकानों के सामने दो अलग-अलग डस्टबिन रखने के निर्देश दिए हैं. इनमें एक डस्टबिन गीले कचरे तथा दूसरा सूखे कचरे के लिए निर्धारित रहेगा. प्रशासन का उद्देश्य है कि घरों और दुकानों से निकलने वाले कचरे को शुरुआत में ही अलग कर स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सके.

नियमों के उल्लंघन पर लगेगा जुर्माना

जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यह केवल अपील नहीं बल्कि पालन किए जाने वाला निर्देश है. यदि किसी दुकान, प्रतिष्ठान या मकान में दो अलग-अलग डस्टबिन नहीं पाए गए तो संबंधित व्यक्ति पर ₹5,000 का जुर्माना लगाया जाएगा. प्रशासन का कहना है कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: Mauganj: सरकारी फीस मांगना पड़ा भारी! पशु चिकित्सक से बीच सड़क पर की गाली-गलौज और दी जान से मारने की धमकी

रोजाना की जाएगी निगरानी

नगर परिषद मऊगंज ने आदेश के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष जांच दल का गठन किया है. यह टीम प्रतिदिन नगर क्षेत्र का भ्रमण करेगी और दुकानों, प्रतिष्ठानों तथा सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण करेगी. निरीक्षण के दौरान लोगों को गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण के प्रति जागरूक भी किया जाएगा. यदि कहीं नियमों का उल्लंघन पाया गया तो मौके पर ही नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. जांच दल अपनी दैनिक निरीक्षण रिपोर्ट नोडल अधिकारी को प्रस्तुत करेगा, जिससे पूरे अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके.

जन आंदोलन बनाने की तैयारी

जिला प्रशासन का मानना है कि केवल सरकारी प्रयासों से शहर को स्वच्छ नहीं बनाया जा सकता. इसके लिए नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है. गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने से न केवल सफाई व्यवस्था बेहतर होगी बल्कि कचरे के पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) और वैज्ञानिक निस्तारण में भी आसानी होगी. इससे प्रदूषण कम होगा और शहर का वातावरण अधिक स्वच्छ एवं स्वस्थ बनेगा.

नगरवासियों से प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन एवं नगर परिषद ने सभी नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों और मकानों के बाहर दो अलग-अलग डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखें तथा स्वच्छता नियमों का पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें. शासन का कहना है कि सभी के सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, सुंदर और आदर्श मऊगंज का निर्माण संभव होगा.

ज़रूर पढ़ें