बिजली का बिल ना चुकाने पर संदीपनी स्कूल का कनेक्शन काटा, मैहर में भीषण गर्मी में पढ़ने को मजबूर बच्चे
संदीपनी स्कूल(File Photo)
MP News: मैहर में बिजली का बिल ना चुकाने पर संदीपनी स्कूल का कनेक्शन काट दिया गया. जिसके कारण बच्चे गर्मी में पढ़ने को मजबूर हैं. इसके कारण बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी है. बच्चों को चक्कर आने की शिकायत है. वहीं अभिभावकों ने गुस्सा जाहिर किया है. बच्चों के माता-पिता ने कहा कि इतनी बड़ी संस्था में बिजली ना होना पूरे सिस्टम का फेल होने का संकेत है.
6 लाख ना चुकाने पर कनेक्शन काटा
बताया जा रहा है कि स्कूल का बिजली बिल 6 लाख रुपये आया था. लेकिन संदीपनी विद्यालय प्रशासन की तरफ से बिल नहीं चुकाया गया, जिसके कारण बिजली विभाग ने विद्यालय का कनेक्शन काट दिया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि सभी नगर पालिका, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के सभी आला अधिकारियों को इसकी जानकारी है. लेकिन इसके बावजूद कोई भी समाधान नहीं किया गया है. साथ ही बिजली ना होने के कारण स्कूल में पानी की भी समस्या हो गई है. ऐसे में बच्चों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है.
‘खिड़की के पास बैठना पड़ता है’
वहीं विद्यालय में पढ़ने वाली एक छात्रा ने बताया कि हम लोग चौथे माले पर पढ़ते हैं. लेकिन बिजली ना होने के कारण दिनभर गर्मी में ही रहना पड़ता है. छात्रा ने कहा कि सभी बच्चे गर्मी से परेशान रहते हैं, लेकिन मजबूरी में ऐसे ही पढ़ाई करनी पड़ती है. हम लोग खिड़की के पास बैठते हैं, जिससे कि गर्मी कम लगे. स्कूल में पानी की भी समस्या है. पानी के लिए बाहर जाना पड़ता है, सभी बच्चे बाहर से बोतलें भरकर लाते हैं.
प्राचार्य बोले- PIU ने बिल नहीं जमा किया
वहीं स्कूल के प्राचार्य का कहना है कि बिजली बिल जमा करने का काम PIU और निर्माण एजेंसी का है. लेकिन उन्होंने समय पर बिजली का बिल नहीं जमा किया है. जिसके कारण बच्चों को गर्मी में रहना पड़ रहा है. वहीं जब पूरे मामले पर मैहर की प्रभारी मंत्री राधा सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि अभी नई बिल्डिंग बनी है, इतनी बड़ी और अच्छी बिल्डिंग है. धीरे-धीरे सभी सुविधाएं उपलब्ध की जाएंगी.