Mauganj News: मऊगंज पुलिस के 30 आरक्षक बने कार्यवाहक प्रधान आरक्षक, नवगठित जिले में पहली बार एक साथ हुई बड़ी पदोन्नति
एसपी सुरेंद्र कुमार जैन
Mauganj News: मऊगंज जिले में वर्षों तक कठिन परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था संभालने वाले मऊगंज पुलिस के 30 आरक्षकों की मेहनत आखिरकार रंग लाई. नवगठित मऊगंज जिले के इतिहास में पहली बार एक साथ 30 आरक्षकों को प्रधान आरक्षक पद का कार्यवाहक प्रभार सौंपा गया है. इस बड़े प्रशासनिक फैसले के बाद पूरे पुलिस महकमे में खुशी, गर्व और उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है. पदोन्नति प्राप्त पुलिसकर्मियों के चेहरों पर संतोष और सम्मान की चमक साफ दिखाई दे रही है.
मऊगंज जिले को पदोन्नति संबंधी अधिकार प्राप्त हुए
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन के विशेष प्रयासों और लगातार की गई पहल के बाद पुलिस मुख्यालय भोपाल से मऊगंज जिले को पदोन्नति संबंधी अधिकार प्राप्त हुए. इसके बाद विभागीय प्रक्रिया पूरी करते हुए 30 आरक्षकों को कार्यवाहक प्रधान आरक्षक का प्रभार प्रदान किया गया. इस आदेश को पुलिस बल के मनोबल को नई ऊंचाई देने वाला निर्णय माना जा रहा है.
रीवा से अलग होने के बाद पहली बड़ी उपलब्धि
जानकारों के अनुसार मऊगंज जिला बनने के बाद लंबे समय से पदोन्नति संबंधी मामलों के निराकरण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी. नवगठित जिले को स्वतंत्र रूप से पदोन्नति प्रक्रिया संचालित करने का अधिकार नहीं होने के कारण कई योग्य पुलिसकर्मी वर्षों से प्रतीक्षा कर रहे थे. इस स्थिति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने पुलिस महानिदेशक मुख्यालय भोपाल को प्रस्ताव भेजकर आवश्यक अधिकार प्रदान करने का अनुरोध किया था.
30 आरक्षकों को प्रधान आरक्षक पद का प्रभार सौंपा गया
मुख्यालय से मंजूरी मिलने के बाद विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पात्रता, वरिष्ठता और विभागीय मापदंडों के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की और 30 आरक्षकों को प्रधान आरक्षक पद का कार्यवाहक प्रभार सौंप दिया.

यह कदम न केवल कर्मचारियों के लिए सम्मान का विषय बना है बल्कि जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक सशक्त करने वाला माना जा रहा है.
पदोन्नति से बढ़ेगा मनोबल
पुलिस विभाग के अधिकारियों का मानना है कि समय पर पदोन्नति मिलने से कर्मचारियों का आत्मविश्वास और कार्यक्षमता दोनों बढ़ती हैं. लंबे समय से सेवा दे रहे जवानों को जब उनके कार्य और समर्पण का उचित सम्मान मिलता है तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे विभाग पर पड़ता है. यही वजह है कि इस निर्णय को मऊगंज पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है.
पात्र कर्मचारियों को मिलेगा उनका अधिकार
पुलिस अधीक्षक सुनील जैन ने कहा कि विभाग के कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि योग्य और पात्र कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति मिलना उनका अधिकार है. इसी उद्देश्य से मुख्यालय से आवश्यक अधिकार प्राप्त किए गए हैं और आगे भी विभागीय नियमों के अनुरूप पदोन्नति की प्रक्रिया जारी रखी जाएगी.
महकमे में जश्न जैसा माहौल
आदेश जारी होते ही पदोन्नति प्राप्त पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई. साथी कर्मचारियों ने एक-दूसरे को बधाई दी और इस फैसले को मऊगंज पुलिस के इतिहास में एक यादगार उपलब्धि बताया. जिले के गठन के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में हुई पदोन्नति ने यह संदेश भी दिया है कि मेहनत, अनुशासन और समर्पण का सम्मान निश्चित रूप से मिलता है.