MP News: शराब के लिए पैसे नहीं मिले तो बदमाशों ने बरपाया कहर, मारपीट-तोड़फोड़ के साथ 80 हजार नकद और मोबाइल लूटे

MP News: रीवा जिले के मनगवां थाना क्षेत्र के मनिकवार नंबर-2 गांव में रविवार रात कुछ युवकों द्वारा उत्पात मचाने का मामला सामने आया है.
Miscreants engaged in vandalism.

बदमाशों ने की तोड़फोड़

MP News: रीवा जिले के मनगवां थाना क्षेत्र के मनिकवार नंबर-2 गांव में रविवार रात कुछ युवकों द्वारा उत्पात मचाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि शराब पीने के लिए पैसे मांगने पहुंचे बदमाशों ने इनकार किए जाने पर गांव में जमकर हंगामा किया. विवाद बढ़ने पर उन्होंने कई लोगों के साथ मारपीट की, वाहनों में तोड़फोड़ की और नकदी व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.

पैसे नहीं मिलने पर शुरू किया हमला

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ युवक गांव में पहुंचे और वहां मौजूद लोगों से शराब के लिए पैसे मांगने लगे. जब ग्रामीणों ने पैसे देने से मना कर दिया तो आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि उन्होंने लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया.

वाहनों में की तोड़फोड़

हमले के दौरान वहां खड़ी जेसीबी मशीन और एक बोलेरो वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया. बदमाशों ने दोनों वाहनों के कांच तोड़ दिए और काफी देर तक उत्पात मचाते रहे. घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया.

तीन लोग घायल, एक की हालत गंभीर

हमले में पवन पटेल, पुनीत पटेल और अंकित पटेल घायल हो गए. घायलों में जेसीबी संचालक को सबसे ज्यादा चोट आई है. बताया जा रहा है कि हमले के दौरान उसका पैर टूट गया. घटना के बाद परिजन और ग्रामीण घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है.

नकदी और मोबाइल ले जाने का आरोप

पीड़ितों का आरोप है कि मारपीट और तोड़फोड़ के दौरान आरोपी करीब 70 से 80 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए. उनका कहना है कि शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर ही आरोपियों ने हमला किया और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलते ही मनगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर शिकायत के आधार पर मामला कायम कर लिया है. आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है. वहीं, क्षेत्र के लोगों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और इलाके में कानून व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

ये भी पढे़ं- चोरी करने आया, AC-कूलर की दुकान में खुद सो गया, साथी लाखों का सामान लेकर फरार; सुबह दुकान मालिक को सोता हुआ मिला

ज़रूर पढ़ें