रीवा GMH में जच्चा-बच्चा की मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, दो नर्सें निलंबित

शासकीय गांधी स्मारक चिकित्सालय (GMH) में प्रसव के बाद जच्चा और नवजात की मौत के बाद हंगामा खड़ा हो गया. इस पूरे मामले दो नर्सों को संस्पेंड कर दिया गया है.
Rewa News

शासकीय गांधी स्मारक चिकित्सालय, रीवा

Rewa News: शासकीय गांधी स्मारक चिकित्सालय (GMH) में प्रसव के बाद जच्चा और नवजात की मौत ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और इलाज की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल के मुख्य गेट पर बैठकर जमकर हंगामा किया और जिम्मेदार डॉक्टरों एवं नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.

मामले में परिजनों ने इलाज में लापरवाही, स्टाफ के अभद्र व्यवहार तथा समय पर उचित उपचार नहीं मिलने के गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों की ओर से एनेस्थीसिया के कथित ओवरडोज का आरोप भी लगाया गया है. हालांकि इन आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.

25 अगस्त को डिलीवरी के लिए हुई थीं भर्ती

जानकारी के मुताबिक मनगवां क्षेत्र निवासी कल्पना मिश्रा को प्रसव के लिए 25 अगस्त को गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. परिजनों का आरोप है कि उपचार के दौरान अस्पताल स्टाफ की लापरवाही और कथित तौर पर समय पर उचित इलाज नहीं मिलने से स्थिति बिगड़ती चली गई. 26 अगस्त की रात महिला और उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई. जच्चा-बच्चा की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया. वहीं, गुरुवार सुबह परिजनों का आक्रोश अस्पताल के बाहर दिखाई दिया. बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल के मुख्य गेट पर बैठ गए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया.

विधायक भी पहुंचे अस्पताल, घंटों चली बैठक

घटना की जानकारी मिलते ही मनगवां विधायक नरेंद्र प्रजापति भी गांधी स्मारक अस्पताल पहुंचे. विधायक ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी बात सुनी और पूरे मामले की जानकारी ली. इसके बाद अस्पताल प्रबंधन और परिजनों के बीच घंटों तक चर्चा चली. परिजनों ने इलाज में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर कार्रवाई, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग रखी.

दो नर्सें निलंबित, जांच कमेटी गठित

लगातार विरोध और परिजनों के आरोपों के बीच अस्पताल प्रबंधन ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए दो नर्सों को निलंबित कर दिया है. प्रबंधन के अनुसार प्रथम दृष्टया इलाज में लापरवाही तथा परिजनों से दुर्व्यवहार के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए यह कदम उठाया गया है. मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विभागाध्यक्षों की एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी भी गठित की गई है. कमेटी द्वारा पूरे घटनाक्रम, उपचार प्रक्रिया और संबंधित स्टाफ की भूमिका की जांच की जाएगी.

जांच रिपोर्ट खोलेगी मौत का राज

अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी डॉक्टर, नर्स या अन्य कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल जच्चा-बच्चा की मौत ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. क्या इलाज में वास्तव में लापरवाही हुई? क्या एनेस्थीसिया की मात्रा निर्धारित मानकों के अनुरूप थी? महिला और नवजात को समय पर आवश्यक उपचार मिला या नहीं? इन तमाम सवालों के जवाब अब जांच कमेटी की रिपोर्ट पर टिके हैं.

ये भी पढ़ें:आज हुए लोकसभा चुनाव तो किसे मिलेगी कितनी सीटें? C-Voter ने जारी किए चौंकाने वाले आंकड़े

ज़रूर पढ़ें