‘लाड़ली बहना चाहे तो सब बंद कर दें, लेकिन परमाणु प्लांट नहीं…’, रीवा में 28 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट के विरोध में सड़क पर उतरे लोग
रीवा में 28 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट के विरोध में सड़क पर उतरे लोग
Locals Oppose Nuclear Project: रीवा में ग्रामीणों ने 28 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि चाहे हमारी सारी सरकारी सुविधाएं बंद कर दें, लेकिन परमाणु प्लांट नहीं लगने देंगे. क्योंकि इसका असर करीब 100 गांवों तक पड़ सकता है. हालांकि, अभी प्रोजेक्ट में प्लांट तक शुरू नहीं हुआ है. लेकिन इससे पहले ही विरोध देखने को मिलने लगा है. ग्रामीणों ने प्लांट निर्माण के लिए पहुंची ड्रिलिंग मशीनों को भी वापस भेज दिया है. जानें क्या है पूरा मामला?
सिरमौर क्षेत्र में टाटा पावर परमाणु ऊर्जा संयंत्र का प्रोजेक्ट प्रस्तावित है. लेकिन प्रोजेक्ट की शुरुआत से पहले ही विरोध शुरू हो गया है. ग्रामीणों का कहना है कि सरकार लाड़ली बहना बंद कर दे. राशन नहीं दे. वृद्धावस्था पेंशन भी रोक दे. हमें मंजूर है, लेकिन जमीन पर परमाणु प्लांट नहीं लगना चाहिए. क्योंकि अगर जमीन और गांव चला गया तो आने वाली पीढ़ियों के लिए क्या ही बचेगा.
सड़क से अदालत तक की लड़ाई लड़ेंगे ग्रामीण
जानकारी के अनुसार, इस प्रोजेक्ट के लिए करीब 200 एकड़ जमीन इस्तेमाल की जाएगी. प्रोजेक्ट को लेकर कई गांवों के लोग चिंतित हो गए हैं और उन्होंने विरोध की बात कही है. ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रोजेक्ट का पूरा दायरा स्पष्ट किया जाए कि कितनी जमीन चाहिए और कौन-कौन से गांव प्रभावित होंगे. जिन लोगों की जमीन प्रभावित होगी, उनके लिए क्या व्यवस्था होगी. हर सवाल के जवाब देनें होंगे, तभी आगे के लिए विचार किया जाएगा. नहीं तो सड़क से लेकर अदालत तक की लड़ाई लड़ेंगे.
ये भी पढ़ेंः MP News: वन कार्यालय में धरने पर बैठे चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार, विभाग की कार्रवाई पर उठाए सवाल
हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर करने की तैयारी
इस मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता शिवानंद द्विवेदी ने हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर करने की तैयारी की है. अगर जरूरत पड़ी तो सुप्रीम कोर्ट का भी रुख करेंगे. वहीं रीवा कलेक्टर ने बताया कि अभी जमीन की जांच और उससे जुड़ी गतिविधियां सामने आई हैं. प्रोजेक्ट को लेकर जो भी निर्णय लिया जाएगा. वह स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों से चर्चा करने के बाद ही लिया जाएगा. फिलहाल, इस मामले को लेकर सिरमौर क्षेत्र के लोग एकजुट होते दिखाई दे रहे हैं.